इलिया में गरजा प्रशासन का बुलडोजर, अमृत सरोवर की भूमि से ढहाया गया 23 साल पुराना अवैध निर्माण
चंदौली के चकिया तहसील अंतर्गत इलिया कस्बे में रानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे पर प्रशासन का बुलडोजर चला। पुलिस की मौजूदगी में 23 साल पुराना मकाननुमा अवैध ढांचा ढहाकर जमीन मुक्त कराई गई।
चकिया में गरजा बाबा का बुलडोजर
अमृत सरोवर की जमीन कराई मुक्त
23 वर्षों पुराना अवैध ढांचा ध्वस्त
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में कार्रवाई
सरकारी जमीनों पर अभियान रहेगा जारी
चंदौली जिले के चकिया तहसील क्षेत्र अंतर्गत इलिया कस्बे में स्थित रानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर की सरकारी भूमि पर सालों से जमा अवैध कब्जे के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से 23 साल पुराने अवैध मकाननुमा ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप की स्थिति रही और देखने वालों का तांता लगा रहा।

नायब तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, रानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर की आराजी संख्या 518, रकबा 0.481 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकाननुमा ढांचा खड़ा कर लिया गया था। राजस्व विभाग की ओर से की गई जांच में अतिक्रमण साबित होने के बाद एसडीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। बुधवार को नायब तहसीलदार मोहम्मद आरिफ और नायब तहसीलदार आलोक निषाद के नेतृत्व में टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इलिया थाना प्रभारी चंदन राय की देखरेख में सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच जेसीबी से अवैध निर्माण को गिराकर जमीन मुक्त कराई गई।
अतिक्रमणकारियों को दी गई कड़ी चेतावनी
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों की मुस्तैदी की वजह से पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के शांतिपूर्वक पूरी हो गई। राजस्व अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि, अमृत सरोवर, तालाबों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सभी अवैध कब्जों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है और सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








