जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

इलिया-चकिया मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर से टकराई बाइक, कक्षा 10 के दो छात्र गंभीर, वाराणसी रेफर

चकिया क्षेत्र के इलिया-चकिया मार्ग पर बसाढ़ी गांव के पास शुक्रवार देर रात डंपर और बाइक की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में घायल कक्षा 10 के दो छात्रों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

 
 

बसाढ़ी गांव के पास भीषण हादसा

डंपर में पीछे से टकराई बाइक

सैदूपुर के 2 छात्र गंभीर घायल

दोनों घायलों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इलिया-चकिया मार्ग पर शुक्रवार की देर रात एक भयानक सड़क हादसा सामने आया। बसाढ़ी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर में पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दो 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नाजुक हालत में वाराणसी भेजा गया है।

chakiya-bike-dumper-accident-two-teenagers-injured

खरौझा की तरफ जाते समय हुई भीषण टक्कर
घायलों की पहचान सैदूपुर कस्बा निवासी ओम केशरी (15 वर्ष), पुत्र सत्येंद्र कुमार केशरी और पुष्कर वर्मा (15 वर्ष), पुत्र राजेश वर्मा के रूप में हुई है। दोनों कक्षा 10 के छात्र हैं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे दोनों किसी काम से बाइक लेकर खरौझा की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे बसाढ़ी गांव के पास पहुंचे, उनकी बाइक आगे चल रहे डंपर से भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

chakiya-bike-dumper-accident-two-teenagers-injured

चेहरे और जबड़े पर आई गंभीर चोटें
हादसे में बाइक चला रहे ओम केशरी का जबड़ा टूट गया और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठा पुष्कर वर्मा भी बुरी तरह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाई और दोनों को चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए दोनों को तुरंत ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

परिजनों में मचा हड़कंप, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। परिजन दोनों बच्चों के इलाज के लिए वाराणसी रवाना हो गए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर इलिया-चकिया मार्ग पर रात के समय बेधड़क दौड़ने वाले भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*