जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चकिया में भाई की हत्या का केस वापस लेने का दबाव, विरोध करने पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला

चंदौली के चकिया में भाई की हत्या का मुकदमा वापस न लेने पर दबंगों ने दो सगे भाइयों पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घायलों का इलाज जारी है।

 
 

चंदौली के चकिया में हुआ खूनी संघर्ष

हत्या का मुकदमा वापस लेने का बनाया दबाव

दो सगे भाइयों पर तलवार से जानलेवा हमला

गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

पांच नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

 चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भीषमपुर गांव में दबंगों ने पुरानी रंजिश और भाई की हत्या का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोपी लाठी-डंडे और धारदार तलवार लेकर पहुंचे थे। जब पीड़ित पक्ष ने केस वापस लेने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

फैसला न करने पर तलवार और लाठी से हमला
पीड़ित रुस्तम अली द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, यह वारदात 18 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है। गांव के ही पांच नामजद लोग कुछ अन्य अज्ञात साथियों के साथ हाथ में लाठी-डंडे और तलवार लेकर उनके दरवाजे पर आ पहुंचे। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने पुराने केस में फैसला करने और मुकदमा वापस लेने के लिए डराना-धमकाना शुरू कर दिया। जब सद्दाम अली और शेर अली ने उनकी इस अनुचित मांग का विरोध किया, तो दबंगों ने अचानक उन पर लाठियों और तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आए शख्स को भी पीटा, दो रेफर
चीख-पुकार सुनकर जब परिवार का ही अजमेरी नाम का व्यक्ति बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। इस हिंसक हमले में दोनों सगे भाई सद्दाम अली और शेर अली खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को चकिया जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

आरोपियों ने दी धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमला करने के बाद जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। इस मामले में चकिया थाना पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया है। पीड़ित रुस्तम अली की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*