Chhath Puja 2026: छठ पर्व की तैयारियों को लेकर विधायक कैलाश खरवार ने परखी व्यवस्था, मां काली मंदिर पोखरे का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के दिए निर्देश
छठ पर्व तैयारियों का निरीक्षण
विधायक कैलाश खरवार ने परखी व्यवस्था
मां काली मंदिर पोखरे का जायजा
गौरव श्रीवास्तव ने दिए निर्देश
जय मां काली सेवा समिति जुटी
चंदौली जिला के चकिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच स्थित मां काली मंदिर परिसर के प्राचीन एवं भव्य पोखरे पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले डाला छठ पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जय मां काली सेवा समिति साफ-सफाई से लेकर अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुट गई है।
इसी क्रम में रविवार की दोपहर चकिया विधायक कैलाश खरवार और नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने पोखरे पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों के साथ साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक कैलाश खरवार ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पोखरे पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों की बेहतर साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रकाश सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कराई जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप देने की बात कही।
विधायक ने कहा कि छठ पर्व सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। हर साल की तरह इस साल भी हजारों श्रद्धालु यहां आएंगे। इसलिए प्रशासन और समिति को मिलकर सभी व्यवस्थाएं बेहतर करनी होंगी। घाटों पर फिसलन न हो, लाइट की पर्याप्त व्यवस्था हो और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि छठ पर्व को लेकर नगर पंचायत की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए घाट परिसर की साफ-सफाई, रास्तों की व्यवस्था तथा अन्य जरूरी कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सभी का सहयोग जरूरी है। नगर पंचायत की टीम लगातार घाट की सफाई और सौंदर्यीकरण में लगी है।
जय मां काली सेवा समिति के पदाधिकारियों ने विधायक और चेयरमैन को अब तक कराए गए कार्यों की जानकारी देते हुए शेष व्यवस्थाओं को भी समय से पूरा कराने का भरोसा दिलाया। समिति के लोगों ने बताया कि पोखरे की सफाई, घाटों की मरम्मत और लाइटिंग का काम तेजी से चल रहा है। छठ से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, राकेश मिश्रा, समिति के गुरुदेव चौहान, संजय चौहान, शुभम मोदनवाल, बाबू चौहान, सोनू द्विवेदी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







