जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चकिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह की धूम: 59 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, 3 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह

चकिया ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत 59 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 56 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए और 3 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ।

 
 

चकिया में भव्य सामूहिक विवाह समारोह

59 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ

3 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह

विधायक कैलाश आचार्य ने दिया आशीर्वाद

नवदंपतियों को मिले उपहार और प्रमाणपत्र

चंदौली जिले के चकिया ब्लॉक परिसर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर शनिवार को 'मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य और ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव की अगुवाई में आयोजित इस धार्मिक व सामाजिक समारोह में चकिया, नौगढ़ और शहाबगंज ब्लॉक के कुल 59 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।

chakiya-cm-mass-wedding-59-couples-married-news

56 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 3 का हुआ निकाह

समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों और पूर्ण धार्मिक निष्ठा के साथ वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं। कुल 59 जोड़ों में से 56 हिंदू जोड़ों ने पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। वहीं 3 मुस्लिम जोड़ों ने भी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह पढ़कर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। दुबेपुर के वैदिक ब्राह्मण विजयानंद द्विवेदी ने हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया।

chakiya-cm-mass-wedding-59-couples-married-news

हवन में आहुति डालकर दिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से यज्ञ-हवन में आहुति डाली और नवविवाहित जोड़ों के सुखमय, समृद्ध व मंगलमय दांपत्य जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी वधुओं और वरों को पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दिए गए विवाह प्रमाणपत्र और गृहस्थी के उपहार

समारोह में भाग लेने आए बारातियों, परिजनों, ग्रामीणों और अतिथियों के लिए प्रशासन की तरफ से स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रबंध किया गया था। विवाह की सभी रस्में पूरी हो जाने के बाद अधिकारियों द्वारा नवदंपतियों को आधिकारिक विवाह प्रमाणपत्र और गृहस्थी शुरू करने के लिए विभिन्न उपहार सामग्री भेंट की गई। एक साथ इतने जोड़ों की शादी होने से पूरा ब्लॉक परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम में ये गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अनिल राय, शहाबगंज के खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह, एडीओ पंचायत नारायण दत्त तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, परासिया के ग्राम प्रधान अरविंद पटेल, आशुतोष जायसवाल, हस्मतुल्लाह समेत कई विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन ब्लॉक कर्मी नवीन सोनकर ने किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*