जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चकिया के ढोढनपुर में सर्पदंश से 8 वर्षीय बच्चे की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में गई जान

चंदौली के चकिया में एक दिल नहला देने वाला मामला सामने आया है। 8 साल के मासूम को सोते समय सांप ने काट लिया। परिजनों की झाड़-फूंक की भूल और अस्पताल पहुँचने में हुई देरी ने बच्चे की जान ले ली। पूरी खबर पढ़ें...
 

ढोढनपुर में सर्पदंश से मासूम की मौत

झाड़-फूंक के चक्कर में गंवाई जान

चकिया कोतवाली क्षेत्र का दुखद हादसा

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित ढोढनपुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। गांव के रहने वाले राम भवन बनवासी का 8 वर्षीय बेटा कल्लू बनवासी घर में सो रहा था। इसी दौरान उसे एक विषैले सांप ने डंस लिया। बच्चे को सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए और पूरे घर में चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल जाने के बजाय कराया झाड़-फूंक
हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय अपने पारंपरिक और आदिवासी तरीकों से उसका इलाज करने लगे। काफी देर तक परिजन उसकी झाड़-फूंक कराने में ही उलझे रहे। झाड़-फूंक के चक्कर में कीमती समय बीतता चला गया और मासूम की तबीयत सुधरने की बजाय लगातार बिगड़ती चली गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जब बच्चे की हालत बहुत ज्यादा नाजुक हो गई, तब जाकर परिजनों की नींद खुली और वे आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद 8 वर्षीय कल्लू को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में हाहाकार मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।

मामले में पुलिस की विधिक कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर सक्रिय हो गई। मामले की जानकारी देते हुए चकिया कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि मृतक बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियम के मुताबिक जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वह पूरी की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*