जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

जाते-जाते चकिया के डोमन मंसूरी हत्याकांड का खुलासा कर गए अर्जुन सिंह, पत्थर से मारकर की गई थी हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

चकिया के चर्चित डोमन मंसूरी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ट्रांसफर से ठीक पहले प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी शंभू को गिरफ्तार कर लिया। जानिए क्या थी हत्या की वजह और कैसे हत्थे चढ़ा आरोपी।

 
 

चकिया के डोमन मंसूरी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

मुगलसराय ट्रांसफर से पहले प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह की कार्रवाई

जंगल में ले जाकर पत्थर से कत्ल करने वाला शंभू गिरफ्तार

मृतक की पत्नी ने दर्ज कराई थी हत्या की आशंका वाली एफआईआर

फरार साथी सलमान की तलाश में पुलिस दे रही दबिश

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली से मुगलसराय कोतवाली ट्रांसफर होने के ठीक पहले प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने क्षेत्र के चर्चित डोमन मंसूरी हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में वांछित शंभू चौधरी को दबोच लिया है, जबकि उसके दूसरे फरार साथी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

12 अगस्त को पहाड़ी पर मिला था शव
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, भीषमपुर गांव की रहने वाली नसीबून बेगम ने 17 अगस्त को चकिया थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके 36 वर्षीय पति डोमन मंसूरी 10 अगस्त की रात काम के सिलसिले में घर से निकले थे, पर वापस नहीं लौटे। इसके बाद 12 अगस्त को जलेबिया मोड़ की पहाड़ी पर उनका शव संदिग्ध हालत में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

पत्नी के शक के आधार पर हुई जांच
मृतक की पत्नी ने गांव के ही दो युवकों, सलमान और शंभू पर हत्या का शक जताया था। उन्होंने बताया कि ये दोनों पहले भी उनके पति को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अपनी जांच तेज कर दी। विवेचना के दौरान पुलिस को घटना से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे।

पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या
पकड़े गए आरोपी शंभू चौधरी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि 10 अगस्त की रात वह और उसका साथी सलमान, डोमन मंसूरी को बहला-फुसलाकर जलेबिया मोड़ पहाड़ी के जंगल में ले गए थे। वहां दोनों ने मिलकर पत्थर से वार कर डोमन की हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर भाग निकले।

पुलिस टीम की कार्रवाई और आगे की जांच
गुरुवार सुबह बैरा पहाड़ी इलाके से पुलिस ने आरोपी शंभू चौधरी (निवासी भीषमपुर) को धर दबोचा। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह के साथ कांस्टेबल राकेश यादव और रिक्रूट कांस्टेबल सुमित मिश्रा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी सलमान को भी जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*