जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया में घरेलू गैस की किल्लत, गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे उपभोक्ता, बुकिंग के बावजूद नहीं मिल रहा सिलेंडर

चंदौली के चकिया क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों का भारी संकट पैदा हो गया है। हफ्तों पहले बुकिंग कराने के बाद भी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे आम जनता में भारी रोष है। एजेंसी की अव्यवस्था के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।

 
 

चकिया क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत

बुकिंग के बावजूद होम डिलीवरी न मिलने का गंभीर आरोप

गैस एजेंसी पर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर उपभोक्ता

रसोई गैस संकट से महिलाओं और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

एजेंसी की कार्यप्रणाली और अव्यवस्था पर उठ रहे सवाल

चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत से उपभोक्ता इन दिनों परेशान हैं। आरोप है कि महीनों पहले नंबर लगाने के बावजूद भी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद एजेंसी की ओर से फोन कर डिलीवरी का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन हकीकत में सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचता। मजबूरन लोगों को एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जहां घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी निराशा ही हाथ लग रही है।

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि सुबह से एजेंसी पर लाइन लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। इस स्थिति ने खासकर महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ा दी है।

 कालाबाजारी के आरोप भी गंभीर

क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि चकिया में कुछ चखना दुकानों, चाट-पकौड़े, अंडा व मिठाई की दुकानों पर कमर्शियल सिलेंडर के बजाय घरेलू सिलेंडरों का खुलेआम इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे वास्तविक उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

भारत गैस एजेंसी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने भारत गैस एजेंसी चकिया की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी की लापरवाही और मिलीभगत के चलते यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

 कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

चकिया में गैस सिलेंडर की किल्लत और एजेंसी पर लगे आरोपों ने व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं का आक्रोश और बढ़ सकता है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*