चकिया में भारी बारिश से बंधी टूटी, देखें नदी के उफान..डूबीं सड़कों व डूबें गांवों की तस्वीरें
दो दिनों की मूसलाधार बारिश से तबाही का मंजर
कर्मनाशा, गड़ई और चंद्रप्रभा नदी उफान पर
बहेलिया बंधी टूटी, चकिया-नौगढ़ मार्ग ध्वस्त
सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न होकर बर्बाद
विधायक और जिलाधिकारी ने किया बंधी स्थल का निरीक्षण
चंदौली जिला के चकिया में पिछले दो दिनों से रुक रुक कर हो रही भारी बारिश ने इलाके में भारी तबाही मचाई है। बारिश से इलाके के जहां सभी बांध लबालब भर गए हैं। वही बांधों को सुरक्षित रखने के लिए पानी नदियों में गिराया जा रहा है। जिससे कर्मनाशा नदी चंद्रप्रभा तथा गड़ई नदी उफान पर है। कई गांवों में बाढ़ का पानी भर जाने से लोगों को उनके घरों से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा जा रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

चकिया तहसील क्षेत्र के रामपुर गांव के समीप बहेलिया बंधी के टूट जाने से चकिया नौगढ़ संपर्क मार्ग टूट गया है। चारों तरफ जल प्लावन की स्थिति हो गई है। वहीं गांव में पानी घुसने से सैकड़ो कच्चा मकान धराशाई हो गए। वही सैकड़ो एकड़ धान की फसल डूब गई है।

विधायक कैलाश खरवार आचार्य, भाजपा के जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह के साथ जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार आशुतोष राय ने बहेलिया बंधी का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़क को काटकर पानी को दूसरे तरफ निकाला जा रहा है। ताकि बंधी से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से राहत पाया जा सके।

वहीं लतीफशाह बांध से लगातार पानी गिरते रहने के कारण धरौली गांव के सोनकर बस्ती में पानी घुसने से भारी तबाही मची हुई है, लोगों को गांव से बाहर निकाला जा रहा है। और राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है। चकिया अहरौरा मार्ग पर अमरा दक्षिणी गांव के पास गड़ई नदी के पुल के ऊपर पानी बहते रहने से आवागमन ठप हो गया है।

इसी प्रकार चकिया मुगलसराय मार्ग पर बबुरी गांव के पुल के ऊपर पानी घर जाने से आवागमन अवरूद्ध हो गया है। इसके अलावा मार्ग में बीच-बीच में कई जगह पानी भरने से यातायात व्यवस्था ठप हो गई है। वही मुजफ्फरपुर बियर से चंद्रप्रभा नदी में लगातार दूसरे दिन भी पानी गिरते रहने से नदियां उफान पर हैं। शुक्रवार की रात से शुरू हुई बारिश ने पूरे इलाके में तबाही मचाई हुई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







