जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया संयुक्त चिकित्सालय में वेंटिलेटर मौजूद, फिर भी मरीजों को कर देते हैं रेफर

नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर पिकअप की टक्कर से ऑटो सवार दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वेंटिलेटर की सुविधा होने के बावजूद चकिया अस्पताल से मरीजों को वाराणसी रेफर किए जाने पर अब सवाल उठ रहे हैं।

 

चोरमरवा पुलिया के पास ऑटो और पिकअप की जोरदार भिड़ंत

हादसे में 14 यात्री गंभीर रूप से हुए घायल

चकिया अस्पताल में सुविधा के बावजूद मरीज रेफर

विधायक कैलाश खरवार ने अस्पताल पहुँचकर जाना हाल

फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी नौगढ़ पुलिस

चंदौली जनपद के सुदूर दक्षिणवर्ती इलाके नौगढ़ में शनिवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नौगढ़ थाना क्षेत्र के चोरमरवा पुलिया के समीप एक अनियंत्रित पिकअप ने सवारियों से भरे सीएनजी ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में ऑटो सवार 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया।

English Keywords: Chandauli news road accident updates, Chandauli khabar Naugharh accident today,

गड्ढे में पलटा ऑटो, मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, सीएनजी ऑटो में कुल 14 लोग सवार होकर नौगढ़ से सोनभद्र की ओर जा रहे थे। जैसे ही ऑटो चोरमरवा पुलिया के पास पहुँचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ पहुँचाया गया।

रेफरल का सिलसिला और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल
नौगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया भेजा गया, जबकि दो की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें सीधे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। चकिया पहुँचने के बाद भी चार और मरीजों की स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें वाराणसी भेज दिया गया।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में वेंटिलेटर जैसी आधुनिक सुविधा होने के बावजूद गंभीर मरीजों को सीधे वाराणसी रेफर कर दिया जाता है, जिससे मरीजों की जान पर जोखिम बना रहता है। जिला संयुक्त चिकित्सालय के ईएमओ डॉ. रोहित ने बताया कि घायलों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा दी गई, लेकिन बेहतर निगरानी के लिए ही उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया गया है।

जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुँचकर जाना हाल
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार और पूर्व विधायक जितेंद्र एडवोकेट चकिया अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विधायक ने आश्वस्त किया कि पीड़ितों को हर संभव सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

सड़कों की बदहाली और बेलगाम रफ्तार
नौगढ़ इलाके के निवासियों का कहना है कि खराब सड़कों और भारी वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। फिलहाल, नौगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर गरीब वनवासियों के सुरक्षित सफर और स्थानीय चिकित्सा सुविधाओं की हकीकत को उजागर कर दिया है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*