चकिया में अवैध कब्जे पर गरजा प्रशासन! सपा नेता और ग्राम प्रधान समेत 8 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
चंदौली के चकिया में अवैध कब्जों के खिलाफ तहसील प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया है। उतरौत, दिरेहु और तकिया महड़ौर में सरकारी जमीन और नालियों को अतिक्रमणमुक्त कराते हुए ग्राम प्रधान व सपा नेता समेत आठ लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
तहसीलदार देवेंद्र यादव ने खुद फावड़ा उठाकर हटाया अतिक्रमण
चकरोड पर अवैध कब्जे में ग्राम प्रधान और सपा नेता नामजद
दिरेहु और तकिया महड़ौर में नालियां कराई गईं मुक्त
सरकारी जमीन कब्जाने वालों को प्रशासन की सख्त चेतावनी
चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के कड़े रुख के बाद चकिया तहसील प्रशासन भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग गांवों में अभियान चलाकर सरकारी और ग्राम समाज की बेशकीमती जमीनों को अतिक्रमणमुक्त कराया। तहसीलदार देवेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस बल की भारी मौजूदगी में उतरौत, दिरेहु और तकिया महड़ौर गांवों में सालों से किए गए अवैध कब्जों को ढहा दिया गया।

तहसीलदार ने खुद उठाया फावड़ा, सपा नेता और प्रधान फंसे
कार्रवाई के दौरान सबसे पहला प्रहार उतरौत गांव में हुआ, जहां चकरोड की सरकारी भूमि को पाटकर कब्जा किया गया था। इस दौरान उस वक्त सब हैरान रह गए जब अतिक्रमण हटवाने के लिए खुद तहसीलदार देवेंद्र यादव ने हाथ में फावड़ा उठा लिया। अधिकारी को खुद जमीन पर काम करते देख मातहत कर्मचारियों में भी जबरदस्त उत्साह नजर आया। जांच में सामने आया कि इस सार्वजनिक रास्ते पर किसी आम आदमी ने नहीं, बल्कि उतरौत की ग्राम प्रधान कंचन मौर्या, उनके पति व समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता महेंद्र मौर्या समेत आठ रसूखदार लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इन सभी आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया है।
नालियां कराई गईं मुक्त, आगे भी जारी रहेगा अभियान
उतरौत के बाद प्रशासनिक अमला दिरेहु और तकिया महड़ौर गांव पहुंचा। इन दोनों गांवों में दबंगों ने ग्राम समाज की नालियों पर कब्जा कर रखा था, जिससे जल निकासी पूरी तरह ठप थी और ग्रामीणों को परेशानी हो रही थी। प्रशासन ने यहां भी कड़ाई दिखाते हुए नालियों को पूरी तरह साफ कराया और पानी का बहाव बहाल किया। तहसीलदार देवेंद्र यादव ने दो टूक चेतावनी दी है कि सरकारी संपत्तियों पर किसी भी कीमत पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकारी काम में रोड़ा अटकाने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








