समाधान दिवस का बहिष्कार कर लेखपाल संघ ने चकिया तहसील में धरना, कई मांगों को लेकर SDM को सौंपा ज्ञापन
चंदौली की चकिया तहसील में लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रेड पे 2800 करने और अंतर मंडलीय तबादले जैसी मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द निस्तारण की मांग की।
चकिया तहसील परिसर में लेखपालों का प्रदर्शन
समाधान दिवस का बहिष्कार कर भरी हुंकार
2800 ग्रेड पे करने की उठी मांग
उपजिलाधिकारी को सौंपा शासन के नाम पत्रक
मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
चंदौली जिले की चकिया तहसील में शनिवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के तय कार्यक्रम के मुताबिक सभी लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का पूर्ण बहिष्कार किया। इसके बाद तहसील परिसर में एकत्र होकर धरना दिया और शासन के नाम एक मांग पत्रक उपजिलाधिकारी (SDM) को सौंपा।

प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे करने की उठाई मांग
धरना प्रदर्शन के दौरान लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी वाजिब मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन शासन स्तर से अभी तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। लेखपालों ने मांग की कि उनका प्रारंभिक वेतनमान बढ़ाकर 2800 ग्रेड पे किया जाए। इसके साथ ही अंतर मंडलीय स्थानांतरण की पारदर्शी व्यवस्था तुरंत लागू की जाए और भत्तों में बढ़ोतरी की जाए।

पदोन्नति और आधारभूत सुविधाओं की मांग
लेखपालों ने अपनी बात रखते हुए लंबित पदोन्नति सूची को जल्द से जल्द जारी करने की मांग की। इसके अलावा परिषदादेश लागू होने के बाद लेखपालों को पटल सहायक या प्रभारी राजस्व निरीक्षक के अतिरिक्त कार्यों से मुक्त करने और इस पद को तकनीकी घोषित करने की बात कही। साथ ही ग्राम सचिवालयों में लेखपालों के बैठने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाएं और जरूरी भत्ते उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदर्शन में नव नियुक्त लेखपालों का रुका हुआ परीक्षा परिणाम तुरंत घोषित करने और उनके स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की पुरजोर मांग की गई। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष ऋषि सिंह 'बिसेन' और तहसील मंत्री धनंजय जायसवाल समेत दर्जनों लेखपाल मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







