आकाशीय बिजली की चपेट में आए पीड़ितों से मिले सपा कार्यकर्ता, झुलसे पीड़ितों को सरकारी मदद दिलाने का वादा
चंदौली के रामशाला और खोजापुर गांव में आकाशीय बिजली से झुलसे पीड़ितों के परिजनों से सपा कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की। टोनी खरवार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ितों का हाल जाना और सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
रामशाला और खोजापुर गांव में आकाशीय बिजली का कहर
सपा नेता टोनी खरवार पहुंचे पीड़ितों के घर
आकाशीय बिजली से झुलसे पूर्व प्रधान भृगुनाथ विश्वकर्मा
रोपाई के दौरान झुलसीं लीलावती सोनी और छाया
सपा कार्यकर्ताओं ने दिया हर संभव मदद का भरोसा
चंदौली जिले के चकिया तहसील क्षेत्र स्थित रामशाला और खोजापुर गांव में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ था। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आकर कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने समाजसेवी टोनी खरवार के नेतृत्व में पीड़ितों के गांव पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

खेती और रोपाई के दौरान गिरी थी गाज
घटना के संबंध में बताया गया कि मंगलवार दोपहर रामशाला गांव के पूर्व प्रधान भृगुनाथ विश्वकर्मा सिवान में खेती का काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वे झुलस गए। वहीं दूसरी तरफ धान की रोपाई कर रहीं लीलावती सोनी और छाया भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सपा नेताओं ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही सपा प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचा और उनका ढांढस बंधाया। टोनी खरवार ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि संकट की इस घड़ी में पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों को शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव राहत और मुआवजा दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

मौके पर मौजूद रहे कई पार्टी पदाधिकारी
इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में परिवारों को हुई यह क्षति बेहद दुखद है। इस दौरान सपा तहसील अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, रामप्रवेश यादव, श्यामलाल चौहान, रामविलास विश्वकर्मा, विमल मौर्य, राधेश्याम विश्वकर्मा और प्रेम सागर खरवार सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








