चकिया नगर पंचायत बोर्ड बैठक में 50 विकास कार्यों को मिली मंजूरी
50 विकास प्रस्तावों पर लगी मुहर
सभासदों ने सड़क और नाली निर्माण को दी प्राथमिकता
स्मार्ट मीटर की खामियों पर सभासदों की नाराजगी
चंदौली जिले के नगर पंचायत चकिया में शुक्रवार को आयोजित बोर्ड की साधारण बैठक में विकास कार्यों की लंबी सूची पर मुहर लगी। कुल 50 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इन प्रस्तावों में सड़क, सीसी रोड, नाली, सीवरेज, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। बैठक में नगर के हर वार्ड की समस्याओं को सभासदों ने जोरदार तरीके से उठाया और उनके समाधान के लिए ठोस कदमों की मांग की।
आपको बता दें कि सभासद बादल सोनकर, शाहीन बेगम, केसरी नंदन, रवि गुप्ता, मीना विश्वकर्मा सहित अन्य सभासदों ने अपने वार्डों में सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए प्रस्ताव पेश किए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत कई स्थानों पर इंटरलाकिंग और सीसी रोड बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सबसे अहम मुद्दा स्मार्ट मीटर का रहा। सभासदों ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गए हैं। मीटर की खामियों के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिल मिल रहा है, जिससे नगर के लोग परेशान हैं। इस समस्या के समाधान के लिए प्रस्ताव पास किया गया और जल्द कार्यवाही की मांग उठी।
नगर पंचायत की आय बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने उन दुकानों पर विचार किया जिन्हें नगर पंचायत ने बनवाया था लेकिन अभी तक किराए पर आवंटित नहीं किया जा सका है। तय हुआ कि दुकानों का किराया कम करके जल्द से जल्द आवंटन किया जाएगा। इससे नगर पंचायत की आमदनी बढ़ेगी और दुकानदारों को भी सहूलियत मिलेगी।
बेहतर प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सभासदों ने कहा कि कई जगह स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे लोगों को रात में दिक्कत होती है। प्रस्ताव पारित किया गया कि खराब लाइटों को बदलकर नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं और जहां पोल नहीं हैं वहां नए पोल लगाकर लाइट की व्यवस्था की जाए।
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि नगर में स्वच्छता, सड़क, गली और प्रकाश व्यवस्था के लिए सरकार से धन मिल रहा है और समय-समय पर कार्य कराए जा रहे हैं। सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी और धन उपलब्ध होते ही विकास कार्य शुरू होंगे।
बैठक का संचालन उप जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मित्र ने किया। इस अवसर पर राकेश रोशन, हाजी इकराम खान, रोहित विश्वकर्मा समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








