जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया के भभौरा गांव चौपाल लगाने पहुंचे DM-CDO, दिव्यांग ने दी आत्मदाह की चेतावनी, डीएम बोले- 'आदर्श ग्राम बनेगा यह गांव

चंदौली के भभौरा गांव में आयोजित मेगा जन चौपाल में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक दिव्यांग ने सरकारी लाभ न मिलने पर सपरिवार आत्महत्या की धमकी दी। डीएम ने तुरंत अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समाधान और गांव के कायाकल्प का निर्देश दिया।

 
 

दिव्यांग संतोष चौबे की सपरिवार आत्महत्या की चेतावनी

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के सख्त निर्देश

भभौरा गांव को आदर्श ग्राम बनाने की घोषणा

सरकारी योजनाओं में लापरवाही पर कार्रवाई का अल्टीमेटम

ग्रामीणों ने रखी आवास, शौचालय और सिंचाई की मांग

चंदौली जिले के चकिया तहसील अंतर्गत भभौरा गांव में आयोजित 'मेगा जन चौपाल' मंगलवार को चर्चा का केंद्र बन गई। इस प्रशासनिक कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक दिव्यांग व्यक्ति ने सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने से क्षुब्ध होकर अपने पूरे परिवार के साथ सामूहिक आत्महत्या करने की चेतावनी दे दी। इस अप्रत्याशित घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद जिलाधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों के बीच खलबली मच गई।

Image

दिव्यांग ने ऐसे सुनायी अपनी पीड़ा
भभौरा गांव के निवासी संतोष चौबे, जो दोनों पैरों से दिव्यांग हैं, मंगलवार शाम को अपने परिवार के साथ जन चौपाल में पहुंचे थे। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के समक्ष अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि उन्हें अब तक किसी भी सरकारी कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिला है। संतोष ने रोते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि उन्हें पट्टा आवंटन सहित अन्य अनिवार्य सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द नहीं दिया गया, तो वे अपने परिवार के साथ जान देने को विवश होंगे। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी यह क्षेत्र तब सुर्खियों में आया था जब रक्षामंत्री के गांव के लोगों के सपा में शामिल होने की खबरें आई थीं।

Image

प्रशासनिक अमले में खलबली
दिव्यांग की गुहार और गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने इसे बेहद संवेदनशीलता से लिया। उन्होंने तत्काल मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी (BDO) को निर्देशित किया कि संतोष चौबे को अविलंब आवास, दिव्यांग पेंशन, शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी शिकायतें दोबारा मिलीं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ग्रामीणों ने उठाई समस्याओं की आवाज 
जन चौपाल में केवल संतोष ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। ग्राम प्रधान अवधेश यादव ने गांव में सिंचाई के गहरे संकट को देखते हुए नए नलकूप की मांग की। वहीं, ग्रामीण माधुरी ने आवास और शौचालय, जितेंद्र यादव ने नाली निर्माण, मराछू ने किसान सम्मान निधि की समस्या और हिमांशु यादव ने जल निगम की बंद पड़ी आपूर्ति को लेकर शिकायत की। शकुंतला ने भी अपने घर के सामने रुकी हुई नाली के निर्माण की गुहार लगाई।

भभौरा बनेगा डिजिटल 'आदर्श ग्राम' 
ग्रामीणों की शिकायतों के समाधान के साथ ही जिलाधिकारी ने गांव के कायाकल्प का भी वादा किया। उन्होंने घोषणा की कि भभौरा गांव को एक 'आदर्श ग्राम' के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत गांव के विद्यालय को पूरी तरह डिजिटल लर्निंग सेंटर में बदला जाएगा और वहां एक आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों जैसे कृषि, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग और स्वास्थ्य विभाग ने स्टाल लगाकर लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) एस. जगत साई, डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा, एसडीएम पवन कुमार यादव सहित तहसील और विकास खंड के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*