चकिया इलाके में दर्दनाक सड़क हादसा: एक्सीडेंट में बाइक सवार की मौके पर मौत, एक गंभीर, मासूम बचा
चकिया के रघुनाथपुर में भीषण दुर्घटना
अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
हादसे में एक युवक गंभीर घायल
तीन वर्षीय मासूम बच्चा सुरक्षित बचा
चंदौली जिला अंतर्गत चकिया कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रघुनाथपुर गांव स्थित काली माता मंदिर के पास करीब साढ़े सात बजे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक अज्ञात बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में एक तीन साल के मासूम बच्चे को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
शव हुआ क्षत-विक्षत
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को बुरी तरह से कुचल दिया। युवक का शव इस कदर क्षत-विक्षत हो चुका था कि देखने वालों की रूह कांप गई। स्थानीय लोगों की आशंका के अनुसार किसी अज्ञात बड़े ट्रक या डंपर ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लिया है। हादसे के बाद तुरंत मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ससुराल जाते समय हुआ हादसा
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। वह बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर क्षेत्र स्थित तेनउरा गांव का रहने वाला है और अपनी ससुराल मुजफ्फरपुर गांव जा रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से दीपक को तुरंत चकिया के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं बाइक पर सवार तीन साल के बच्चे अमित को हल्की चोटें आई हैं।
अस्पताल पहुंचे क्षेत्रीय विधायक
जैसे ही इस बड़े सड़क हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मिलकर घायल युवक के इलाज की जानकारी ली और उसका हालचाल जाना। इसके साथ ही विधायक ने मृतक और घायल परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का पूरा भरोसा दिया।
नशे में होने की चर्चा
घटना की सूचना पर चकिया कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दीं। फिलहाल शव को जिला संयुक्त चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। स्थानीय ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बाइक सवार लोग शराब के नशे में थे, हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही करने की बात कह रही है। प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं और मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








