चकिया में सिंचाई विभाग की लापरवाही: करवदिया के पास टूटा तटबंध, टेल तक पानी न पहुंचने से किसान परेशान
चंदौली के चकिया स्थित शिकारगंज रजवाहा का तटबंध करवदिया गांव के पास टूट गया। धान की रोपाई और नर्सरी बचाने के लिए किसानों ने खुद बोरियों में मिट्टी भरकर पटरी की मरम्मत की और नहर की सफाई की।
शिकारगंज रजवाहा का पश्चिमी तटबंध टूटा
धान रोपाई के समय नहर टूटी
किसानों ने खुद की तटबंध मरम्मत
सफाई न होने से रजवाहा ओवरफ्लो
चकिया में सिंचाई विभाग की लापरवाही
चंदौली जिले के चकिया विकासखंड क्षेत्र में किसानों के लिए धान की रोपाई का बेहद महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे वक्त में शिकारगंज रजवाहा का पश्चिमी तटबंध टूट जाने से क्षेत्र के किसानों के सामने सिंचाई का भारी संकट खड़ा हो गया है। शुक्रवार की रात करवदिया गांव के उत्तर दिशा में रजवाहा की पश्चिमी पटरी अचानक कट गई।
पटरी टूटते ही नहर का पानी तेजी से आसपास के खेतों की तरफ बहने लगा। रात में ही पानी के तेज बहाव को देखकर गांव के किसानों में अफरा-तफरी मच गई, जिससे धान की नर्सरी और तैयार खेतों को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया।
किसानों ने खुद उठाई कुदाल, बोरियों में मिट्टी भरकर रोकी कटान
शनिवार की सुबह जानकारी मिलते ही आसपास के किसान तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक और विभागीय मदद का इंतजार करने के बजाय किसानों ने खुद ही कमान संभाली। उन्होंने जुटाई गई बोरियों में मिट्टी भरी और पानी के बहाव के बीच रखकर टूटी पटरी को बंद करने का प्रयास किया।
इसके साथ ही सात-आठ किसानों ने बांस के लग्गों में अंकुसी बांधकर नहर में जमा हुई भारी घास और लताओं को खुद ही खींचकर बाहर निकाला। किसानों का मकसद पानी के बहाव को सही करना था, ताकि पिपरखड़िया टेल तक पानी पहुंच सके। इलाके में अभी आधे खेतों में रोपाई बाकी है।

सफाई न होने से बढ़ा हादसा, किसान नेताओं ने चेताया
किसानों का आरोप है कि शिकारगंज रजवाहा लंबे समय से कूड़ा-करकट, घास-फूस और जलीय वनस्पतियों से पटा पड़ा है। बंधी डिवीजन के अफसरों से कई बार शिकायत के बाद भी नियमित सफाई नहीं कराई गई, जिससे पानी का दबाव बढ़ने पर तटबंध टूट गया।
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र आजाद व सहायक अभियंता हीरालाल यादव से स्थायी मरम्मत की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई और टेल तक पानी की व्यवस्था नहीं हुई, तो किसान चकिया कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। मौके पर सरोज कुमार यादव, बिमलेश यादव, रमेश चंद्र, मोहन पासवान और उमाशंकर यादव समेत कई किसान मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








