चकिया में तीज महोत्सव की धूम: गीत-संगीत और फन गेम्स में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा
चकिया नगर में हरितालिका तीज पर भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। समाजसेविका आरती और सोनाली जायसवाल के नेतृत्व में जुटीं महिलाओं ने फ्लावर कैच, रिंग गेम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच खुशियां मनाईं।
चकिया नगर में धूमधाम से मना तीज महोत्सव
आरती और सोनाली जायसवाल के नेतृत्व में आयोजन
फ्लावर कैच और रिंग गेम में महिलाओं ने लिया भाग
हंसी-मजाक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जमा रंग
आकांक्षा जायसवाल ने किया कार्यक्रम का कुशल मंचन
चंदौली जिले के चकिया नगर स्थित एक निजी लॉन में गुरुवार को तीज महोत्सव का आयोजन बहुत ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। नगर की प्रमुख समाजसेविका आरती जायसवाल और सोनाली जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर को बेहद आकर्षक और खूबसूरत ढंग से सजाया गया था।

फ्लावर कैच और रिंग गेम से छाया खुशनुमा माहौल
महोत्सव के दौरान महिलाओं के मनोरंजन के लिए कई तरह के खेल और प्रतियोगिताएं रखी गईं। इनमें फ्लावर कैच, रिंग गेम और कई फन गेम्स शामिल थे। प्रतियोगिताओं में महिलाओं और युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान हंसी-मजाक और तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल एकदम खुशनुमा और यादगार बना रहा।

अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ने का जरिया
कार्यक्रम की आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य मकसद महिलाओं को एक मंच पर लाना है। इससे आपसी भाईचारा और मेल-जोल बढ़ता ही है, साथ ही अपनी समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को सहेजने का मौका भी मिलता है। पूरे कार्यक्रम का कुशल और शानदार संचालन आकांक्षा जायसवाल ने किया, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं
इस तीज महोत्सव को सफल बनाने में कई महिलाओं का योगदान रहा। आयोजन के दौरान सानू जायसवाल, सोनी, शैली, खुशबू, सीमा केशरी, गुड़िया, सौम्या, नंदनी, सेजल, रूबी, नेहा और अंजली सहित नगर की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सबने एक-दूसरे को तीज पर्व की बधाई दी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







