जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया तहसील में गरजा प्रशासन का डंडा, तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने नीबी कला में तालाब को कराया कब्जामुक्त

चंदौली के चकिया में तहसीलदार देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नीबी कला में तालाब को कब्जामुक्त कराने के साथ ही कई गांवों के वर्षों पुराने जमीनी विवादों को मौके पर ही निपटाया गया।

 
 

तहसीलदार देवेंद्र कुमार का बड़ा एक्शन

नीबी कला में तालाब कब्जामुक्त

भूसी गांव में खुली बंद नाली

बलिया कला का विवाद भी सुलझा

अवैध कब्जाधारकों में मचा हड़कंप

चंदौली जिले की चकिया तहसील में इन दिनों सरकारी जमीनों को खाली कराने का काम तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी द्वारा राजस्व अधिकारियों को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाने के बाद, स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को तहसीलदार देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई गांवों में औचक अभियान चलाकर सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

नीबी कला में तालाब कराया गया खाली
प्रशासन की सबसे बड़ी कार्रवाई ग्राम सभा नीबी कला में देखने को मिली। यहाँ पर काफी समय से तालाब की कीमती सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। तहसीलदार देवेंद्र कुमार भारी पुलिस बल और राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और तालाब की जमीन से अतिक्रमण को पूरी तरह हटवा दिया। इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से इलाके के भू-माफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है।

बंद नाली खुली और रास्ते का विवाद खत्म
वहीं दूसरी तरफ ग्राम सभा भूसी में नाली पर अवैध कब्जा होने की वजह से पूरे गांव के लोगों को जल निकासी की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। राजस्व टीम ने मौके पर जमीन की पैमाइश की और अतिक्रमण हटवाकर नाली का रास्ता साफ कराया। इसके साथ ही भूसीकृत पुरवा गांव में भी सार्वजनिक रास्ते और नाली से अवैध कब्जा हटाकर तुरंत निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया ताकि दोबारा कोई कब्जा न कर सके।

बलिया कला का पुराना जमीनी विवाद सुलझा
इस अभियान के दौरान बलिया कला गांव में लंबे समय से चले आ रहे एक जटिल भूमि विवाद को भी मौके पर ही सुलझा लिया गया। राजस्व टीम ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर सरकारी दस्तावेजों और अभिलेखों की बारीकी से जांच की। इसके बाद आपसी सहमति और राजस्व के नियमों के तहत विवाद का हमेशा के लिए निपटारा करा दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस त्वरित और निष्पक्ष कदम की जमकर सराहना की है।

अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी
कार्रवाई के बाद तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी भूमि, तालाब, चकरोड या जनता के इस्तेमाल की किसी भी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां से भी ऐसी शिकायतें मिलेंगी, वहां तुरंत टीम भेजकर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक, स्थानीय लेखपाल और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*