चकिया के ठाकुर बाग मंदिर का हो रहा भव्य सुंदरीकरण, बच्चों ने दिखाई कला प्रतिभा
श्री राम जानकी मंदिर ठाकुर बाग का सुंदरीकरण तेज़ी से जारी
नवरात्रि से पहले मंदिर को आकर्षक और भव्य बनाने का प्रयास
'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत मंदिर का सज्जा कार्य
चंदौली जिला के नगर पंचायत चकिया वार्ड नंबर पांच स्थित श्री राम जानकी मंदिर ठाकुर बाग का सुंदरीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर है। नवरात्रि से पहले मंदिर परिसर को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के लिए अधिशासी अधिकारी विनय मिश्रा, नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और सभासदों के प्रयास सराहनीय साबित हो रहे हैं। मंदिर की चहारदीवारी पर सुंदर पेंटिंग के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियां उकेरी जा रही हैं, जिनमें बजरंगबली, मां दुर्गा, भगवान श्रीकृष्ण, बाबा काशी विश्वनाथ और अयोध्या के श्रीराम मंदिर की झलक प्रमुख आकर्षण है।

नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्य “स्वच्छता ही सेवा” पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर का सुंदरीकरण नवरात्रि के पूर्व पूरा कर लिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ और भव्य वातावरण प्राप्त होगा। इस पहल से नगरवासियों में भी उत्साह का माहौल है और लोग मंदिर की नई सज्जा को देखने के लिए उत्सुक हैं।

सुंदरीकरण अभियान के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें शहाबगंज और चकिया ब्लॉक के 26 विद्यालयों के 115 बच्चों ने हिस्सा लिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) रामटहल ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल बच्चों की कला को निखारने का अवसर है, बल्कि उन्हें अपनी सांस्कृतिक धरोहर से भी जोड़ती है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, सभासद रवि गुप्ता, मीडिया प्रभारी शुभम मोदनवाल सहित नगर पंचायत के कर्मचारी राकेश रोशन, रोहित विश्वकर्मा, रमेश चौहान और अनिल गोंड उपस्थित रहे। नगर पंचायत की यह पहल क्षेत्र में स्वच्छता और धार्मिक सौंदर्य का अनूठा संदेश दे रही है।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








