जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

कौड़िहार में ट्रॉमल मशीन से होगा कचरे का निस्तारण, अब कूड़े से भी होगी नगर पंचायत की बंपर कमाई

चंदौली के चकिया नगर पंचायत ने स्वच्छता व्यवस्था को हाईटेक बनाते हुए कौड़िहार MRF सेंटर में ट्रॉमल मशीन स्थापित की है। इससे रोजाना 6 से 7 टन कचरे की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई और रीसाइक्लिंग होगी, जिससे प्रदूषण घटेगा और नगर पंचायत की आय भी बढ़ेगी।

 
 

चकिया कौड़िहार MRF सेंटर में लगी ट्रॉमल मशीन

रोजाना छंटने वाले 6-7 टन ठोस कचरे का निस्तारण

कचरे की रीसाइक्लिंग से नगर पंचायत को मिलेगा राजस्व

गीले कूड़े से बनेगी खाद और सूखा जाएगा रीसायकल

खुले में कूड़ा फेंकने और बदबू की समस्या होगी खत्म

चंदौली जिले के चकिया नगर पंचायत ने अपने क्षेत्र को साफ-सुथरा और बदबू-मुक्त बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब यहां के कचरे का निस्तारण पुरानी व्यवस्था के बजाय आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा। इसके लिए विंध्य पर्वत की पहाड़ियों से घिरे कौड़िहार गांव स्थित एमआरएफ (मटीरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर में ट्रॉमल मशीन लगाई जा रही है। मशीन लगाने का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही यह चालू हो जाएगी।

रोजाना 6 से 7 टन कूड़े की होगी वैज्ञानिक छंटाई
वर्तमान समय में चकिया नगर क्षेत्र से हर दिन लगभग 6 से 7 टन कूड़ा छोटे और बड़े गाड़ियों के जरिए कौड़िहार एमआरएफ सेंटर भेजा जाता है। पहले यह कचरा एक जगह डंप कर दिया जाता था या इधर-उधर फेंक दिया जाता था। लेकिन अब ट्रॉमल मशीन चालू होने के बाद कूड़े की अलग-अलग श्रेणियों में अपने आप वैज्ञानिक छंटाई हो सकेगी। इससे कचरे को खुले में फेंकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

गीले कचरे से खाद और सूखे कचरे की होगी रीसाइक्लिंग
ट्रॉमल मशीन की मदद से गीले और सूखे कचरे को पूरी तरह अलग किया जाएगा। कचरे में शामिल जैविक अपशिष्ट (गीले कूड़े) से बेहतरीन खाद तैयार की जाएगी। वहीं प्लास्टिक, कागज, धातु, कांच और अन्य रीसायकल योग्य सामानों को अलग करके रीसाइक्लिंग इकाइयों तक भेजा जाएगा। इस तरह कूड़े के हर हिस्से का सही इस्तेमाल संभव हो पाएगा।

नगर पंचायत की बढ़ेगी कमाई, पर्यावरण को फायदा
इस पूरी व्यवस्था से लैंडफिल यानी कूड़ा ढोने वाले स्थानों पर कचरे का दबाव काफी कम होगा। रीसाइक्लिंग योग्य सामान की बिक्री से चकिया नगर पंचायत को अतिरिक्त कमाई होगी। इस पैसों का इस्तेमाल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नागरिकों को नई-नई सुविधाएं देने में किया जाएगा। यानी अब कचरा केवल गंदगी नहीं, बल्कि नगर पंचायत के लिए कमाई का जरिया भी बनेगा।

स्थानीय लोगों को मिलेगी दुर्गंध और प्रदूषण से मुक्ति
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कौड़िहार में आधुनिक ट्रॉमल मशीन लगने से आसपास के इलाकों में फैली रहने वाली बदबू और प्रदूषण से राहत मिलेगी। खुले में कूड़ा फेंकने पर रोक लगेगी और आसपास का वातावरण स्वच्छ व सेहतमंद बनेगा। चकिया नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार, मशीन की स्थापना का काम अंतिम चरण में है और बहुत जल्द इसका ट्रायल पूरा कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*