Road Accident: चकिया में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, भाई की मौत और दो बहनें गंभीर; घर में गूंज रही थी शहनाई, अब मचा कोहराम
चकिया के अम्मर डहिया में भीषण हादसा
तिलक के अगले दिन इकलौते बेटे की मौत
भाई-बहन सहित तीन लोग हुए शिकार
गंभीर हालत में बहनें ट्रामा सेंटर रेफर
शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा
चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अम्मर डहिया गांव के समीप बुधवार देर शाम एक ऐसा हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 22 वर्षीय युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक का महज एक दिन पहले ही तिलक समारोह संपन्न हुआ था।

तिलक की खुशियों के बीच पसरा मातम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चकिया क्षेत्र के निवासी अजीत यादव (22 वर्ष) का बीते बुधवार को ही तिलक समारोह बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना लगा था। बुधवार की देर शाम अजीत अपनी दो बहनों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक अम्मर डहिया गांव के पास पहुँची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

अस्पताल में तोड़ा दम, बहनें ट्रामा सेंटर रेफर
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों भाई-बहन सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने अजीत यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों बहनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अजीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। जिस घर से शहनाई बजने वाली थी, वहाँ अब करुण क्रंदन सुनाई दे रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने मृतक अजीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों बाइकों की टक्कर के कारणों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद से ही मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाने पहुँच रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








