चंदौली में 10 साल के मासूम का अपहरण, चलती बाइक से कूदकर बचाई जान; 30 किमी दूर मिली लोकेशन
चंदौली के इलिया में अपहरणकर्ताओं के चंगुल से 10 वर्षीय बालक ने फिल्मी अंदाज में अपनी जान बचाई। बदमाशों ने मासूम को नशीला इंजेक्शन देकर किडनैप किया था, लेकिन ब्रेकर पर बाइक धीमी होते ही बालक ने छलांग लगा दी।
इलिया थाना क्षेत्र में अपहरण का प्रयास
मासूम राघवेंद्र सिंह ने दिखाया अदम्य साहस
अपहरणकर्ताओं ने पैर में चुभाया नशीला इंजेक्शन
30 किमी दूर नियामताबाद में बचाई जान
पुलिस ने बालक को सुरक्षित परिजनों को सौंपा
चंदौली जनपद के इलिया थाना क्षेत्र के खरौझा गांव में रविवार को अपहरण के प्रयास की एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने रोंगटे खड़े कर दिए। यहाँ एक 10 वर्षीय बालक ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 30 किलोमीटर दूर चलती बाइक से छलांग लगा दी और सुरक्षित बच निकला।
साइकिल चलाते समय किया अगवा
जानकारी के अनुसार, खरौझा निवासी गौरव सिंह का पुत्र राघवेंद्र सिंह रविवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर साइकिल चला रहा था। तभी दो अज्ञात बाइक सवार वहाँ पहुँचे और बालक को साइकिल समेत जबरन उठाकर इलिया-लेवा मार्ग की ओर भागने लगे। पीड़ित बालक के मुताबिक, बदमाशों ने उसके पैर में कोई नशीला इंजेक्शन चुभाया और मुँह बांध दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
30 किमी दूर सूझबूझ से बचाई जान
जब राघवेंद्र को होश आया, तब वह नियामताबाद इलाके के पास पहुँच चुका था। तभी सड़क पर एक स्पीड ब्रेकर आने के कारण बाइक की गति धीमी हुई। इसी मौके का फायदा उठाकर साहसी बालक चलती बाइक से कूद गया। घायल और डरा हुआ मासूम पास की एक दुकान में जा छिपा। दुकानदार की सूचना पर पहुँची पुलिस ने बालक को अलीनगर थाने ले जाकर उसके परिजनों को सूचित किया।
इलाके में दहशत, पुलिस जाँच में जुटी
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है। थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि बालक अब सुरक्षित अपने परिजनों के पास है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही पुलिस अज्ञात अपहरणकर्ताओं की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। इस घटना ने क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







