जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

शहाबगंज में किसानों का जोरदार प्रदर्शन: फसल नुकसान के मुआवजे और पक्के मकान की मांग

उत्तर प्रदेश किसान सभा के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने शहाबगंज में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जलजमाव से बर्बाद फसलों के लिए 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा और एमएसपी की कानूनी गारंटी की मांग की गई।

 
 

शहाबगंज में किसानों ने निकाला जुलूस

फसल क्षति के लिए मुआवजे की मांग

बीपीएल से छूटे गरीबों को मिले आवास

2 अक्टूबर को चकिया में बड़े आंदोलन का आह्वान

उत्तर प्रदेश किसान सभा के राज्यव्यापी आह्वान पर मंगलवार को चंदौली जिले के शहाबगंज कस्बे में सैकड़ों किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार जुलूस निकाला। किसान सभा के झंडे और बैनर के साथ निकला यह जुलूस पूरे मुख्य बाजार से होते हुए विकासखंड कार्यालय पहुंचा।

ब्लॉक मुख्यालय पर किसानों ने एक सभा का आयोजन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अपनी मांगों से संबंधित मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी (BDO) शहाबगंज को सौंपा गया।

chandauli-shahabganj-kisan-sabha-protest-memorandum-news-2026

फसल क्षति मुआवजे और आवास की प्रमुख मांग

जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट, मंडल मंत्री नंदलाल और स्वामीनाथ के नेतृत्व में निकाले गए इस जुलूस में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण गिरे कच्चे मकानों के पीड़ित परिवारों को तत्काल प्रधानमंत्री आवास देने की मांग की।

इसके अलावा, जलजमाव से बर्बाद हुई फसलों के लिए 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने और बटाईदार किसानों को भी इसमें शामिल करने की जोरदार वकालत की गई।

सड़कों की मरम्मत, पेंशन और महंगाई पर घेरा

किसान नेताओं ने बीपीएल सूची से छूटे वास्तविक गरीब परिवारों को पक्का मकान देने और महंगाई पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने शहाबगंज क्षेत्र के भूसी, भोड़सर, केरायगांव, जेगुरी, खखड़ा, रोहाखी, बरियारपुर, लेहरा और हड़ौरा जैसे गांवों की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग उठाई।

साथ ही, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, महीनों से रुकी वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन खातों में भेजने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने और फसलों की एमएसपी (MSP) की कानूनी गारंटी देने की भी मांग रखी।

2 अक्टूबर को चकिया में बड़े आंदोलन का ऐलान

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी 2 अक्टूबर को चकिया के गांधी पार्क में किसान सभा द्वारा आयोजित होने वाले बड़े आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

सुरक्षा के लिहाज से प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक मुख्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सभा को जिलाध्यक्ष परमानंद, शंभूनाथ, महिला नेता लालमणि देवी, जयप्रकाश, बदरूद्वजा अंसारी सहित कई किसान नेताओं ने संबोधित किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*