शहाबगंज के बरियारपुर में किसान विकास मंच का 13वां स्थापना दिवस संपन्न, 'किसान पर्व' के रूप में एकजुट हुए अन्नदाता
चंदौली के बरियारपुर में किसान विकास मंच का 13वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुआवजे की समस्या, एमएसपी गारंटी कानून और किसानों को जातीय राजनीति से ऊपर उठकर अपने अधिकारों के लिए लड़ने का आह्वान किया गया।
किसान विकास मंच का 13वां स्थापना दिवस
बरियारपुर गांव में 'किसान पर्व' का आयोजन
भारतमाला एक्सप्रेस-वे मुआवजे पर कानूनी लड़ाई
एमएसपी गारंटी कानून की पुरजोर मांग
सहकारिता मॉडल से कृषि लागत कम करने पर जोर
चंदौली जनपद के शहाबगंज विकासखंड स्थित बरियारपुर गांव में 'किसान विकास मंच' का तेरहवां स्थापना दिवस 'किसान पर्व' के रूप में अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मेलन में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों और प्रबुद्धजनों ने कृषि क्षेत्र की चुनौतियों, अधिकारों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की।

चुनावी एजेंडा बने खेती-किसानी: रतन कुमार सिंह
मुख्य वक्ता रतन कुमार सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज समय की मांग है कि किसान राजनीतिक दलों के जातीय और धार्मिक जाल से बाहर निकलें। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेती-किसानी की मूल समस्याओं को चुनावी मुख्य एजेंडा बनाना होगा। बढ़ती लागत से निपटने के लिए उन्होंने सहकारिता मॉडल अपनाने और संगठन के भीतर 'बौद्धिक प्रकोष्ठ' के गठन की सलाह दी।
मुआवजे और विस्थापन पर तीखे तेवर
बिहार से आए किसान नेता अभिमन्यु सिंह ने भारतमाला एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान किसानों की फसल रौंदे जाने और अब तक उचित मुआवजा न मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस अन्याय के खिलाफ पटना हाईकोर्ट में वाद दायर किया गया है। वहीं, सुमंत सिंह अन्ना ने बरहनी ब्लॉक में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों की ऐतिहासिक जीत का उदाहरण देते हुए एकजुटता का संदेश दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ध्यानचंद पुरस्कार विजेता पहलवान राजेंद्र सिंह ने की और संचालन रामअवध सिंह ने किया। इस दौरान हास्य-व्यंग्य कवि बंधू पाल बंधू और कृपाशंकर सिंह पटेल ने अपनी रचनाओं से लोगों को लोटपोट कर दिया, जबकि बेचयी सिंह की ओजपूर्ण कविताओं ने देश के सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव जगाया। अंत में अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने एमएसपी गारंटी कानून लागू न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







