जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

CRPF में नौकरी लगते ही बिगड़े रिश्ते, ससुराल पहुंची महिला को घर में घुसने से रोका और पीटा

चंदौली के चकिया क्षेत्र में CRPF में नौकरी लगने के बाद पति के बदले व्यवहार का मामला सामने आया है। ससुराल पहुंची महिला ने मारपीट और घर में घुसने से रोकने का गंभीर आरोप लगाया है।

 
 

CRPF में नौकरी लगने के बाद विवाद

ससुराल पक्ष पर घर में ताला

महिला को जमीन पर घसीटकर पीटा

मारपीट के दौरान दांत से काटा

चकिया कोतवाली में दी गई तहरीर

 चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ढोढ़नपुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अपनी ससुराल पहुँची एक महिला को घर के अंदर प्रवेश करने से रोक दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने न सिर्फ महिला को बाहर कर दिया, बल्कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। पीड़िता ने इस मामले में चकिया थाने में लिखित तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

chandauli-woman-alleges-assault-by-in-laws-chakkiya

नौकरी लगने के बाद बिगड़े पति के संबंध
ढोढ़नपुर गांव की रहने वाली सुलेखा (पत्नी आत्मा मौर्य) के अनुसार, जब उसकी शादी हुई थी तब उसके पति की कोई सरकारी नौकरी नहीं थी। बाद में उसके पति का चयन सीआरपीएफ (CRPF) में हो गया। महिला का आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद उसके पति का रवैया पूरी तरह बदल गया। पति का व्यवहार उसके प्रति खराब हो गया और दोनों के बीच आपसी रिश्तों में लगातार दूरियाँ और खटास बढ़ती चली गई।


बच्चों के साथ ससुराल पहुँची थी पीड़िता
इसी पारिवारिक और घरेलू कलह के बीच सुलेखा अपने बच्चों के साथ अपनी ससुराल पहुँची थी। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह 18 अक्टूबर को चकिया की कालिका धाम कॉलोनी से अपने दो बेटों और एक बेटी को लेकर ढोढ़नपुर वाले घर पहुँची थी। उसका आरोप है कि ससुर रामानंद मौर्य और सास सरस्वती देवी ने पहले से ही घर का मुख्य दरवाजा बंद कर रखा था और ताला लगा दिया था।

गाली-गलौज और जमीन पर घसीटकर मारपीट
महिला का आरोप है कि जब उसने अंदर जाने की जिद की तो ससुराल वालों ने गाँव के ही कुछ अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद उसके साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज की गई। आरोप है कि महिला को जमीन पर घसीटा गया और लात-घूंसों से पीटा गया। इस दौरान बेरहमी से उसके हाथ पर दांत से भी काट लिया गया, जिसका निशान अभी भी उसके शरीर पर मौजूद है।

पुलिस की मौजूदगी पर भी उठे सवाल
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि जब यह पूरी घटना हो रही थी, तब डायल 112 की पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद थी। उसका कहना है कि पुलिस के सामने ही उसे निशाना बनाकर पीटा गया। फिलहाल, पीड़िता ने थाना प्रभारी और उच्चाधिकारियों से अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर मामले की गहराई से जाँच की जा रही है और तथ्यों के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*