भाकपा माले का प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताई नाराजगी
सैदूपुर बाजार में प्रतीकात्मक पुतला दहन कर जताया गया आक्रोश
गांधी पार्क में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को हुए 14 दिन पूरे
प्रशासन के उपेक्षात्मक रवैये से भड़के कार्यकर्ता
जिले भर में आंदोलन की चेतावनी
चंदौली जिलो के चकिया तहसील क्षेत्र के सैदूपुर बाजार में सोमवार की देर शाम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन के उपेक्षात्मक रवैये के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन 14 दिनों से जारी गांधी पार्क धरने के क्रम में किया गया, जिसमें प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई गई।

आपको बता दें कि प्रदर्शन के बाद प्राथमिक विद्यालय के समीप आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन गरीबों, भूमिहीनों और वंचित वर्ग की मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनावल और सपही (जंगल) गांवों में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क निर्माण और प्रतिमा स्थापना की मांग लंबित है, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई।
इसी प्रकार जिगना ग्राम सभा के कुसडेहरा मौजा की नवीन परती जमीन को भूमिहीनों में बांटे जाने, वलीपुर, खिलची, बराव और हडौरा गांवों में पट्टा प्राप्त जमीन पर कब्जा दिलाए जाने की मांग भी अनसुनी कर दी गई है। इसके अतिरिक्त बैराठ फॉर्म के विवाद में राजा के पक्ष में आए फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में शीघ्र रिट दाखिल करने की भी मांग की जा रही है।

सभा में वक्ताओं ने यह भी कहा कि गढ़वा सहित अन्य गैर मान्यता प्राप्त गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देने, मिर्जापुर की तर्ज पर चकिया की पहाड़ियों पर पत्थर खनन की अनुमति दिए जाने और अतरसुहवा नाले को काटकर भोका बांध में मिलाने जैसी 16 सूत्रीय मांगें अब तक लंबित हैं।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इन मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाया, तो जिले भर में जगह-जगह पुतला दहन कर विरोध और तेज किया जाएगा। यह आंदोलन प्रशासन की संवेदनहीनता के खिलाफ जनता की आवाज बन चुका है।
इस विरोध कार्यक्रम में रामायण राम, रामवचन वनवासी, प्रमोद यादव, बृजमोहन वनवासी, राजू वनवासी, मेवालाल पासवान, संतोष प्रजापति और मिश्री राम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








