चंदौली में चला DPRO का चाबुक: 5 पंचायत सहायकों को नोटिस, लापरवाही पर ग्राम विकास अधिकारी भी तलब
चंदौली में डिजिटल फसल सर्वे और सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने वालों की अब खैर नहीं। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाते हुए 5 पंचायत सहायकों को नोटिस थमाया है, वहीं ड्यूटी से गायब मिले ग्राम विकास अधिकारी पर भी गाज गिरी है।
डिजिटल फसल सर्वे में लापरवाही पर नोटिस
5 पंचायत सहायकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई
ड्यूटी से गायब ग्राम विकास अधिकारी को फटकार
सुल्तानपुर गौशाला में व्यवस्थाएं मिलीं चाक-चौबंद
लापरवाह कर्मचारियों को डीपीआरओ की कड़ी चेतावनी
चंदौली जनपद में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और डिजिटल फसल सर्वे कार्य में शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) नीरज कुमार सिन्हा ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक और औचक निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ ने लापरवाही पाए जाने पर कई कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पंचायत सहायकों की रुकी प्रगति, मिला कारण बताओ नोटिस
डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने डिजिटल फसल सर्वे कार्य में लगे पंचायत सहायकों के साथ प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान ढ़ोढ़नपुर से अखिलेश यादव, तियरा से ज्ञान चन्द्र, केरायगांव से सोनी यादव, बड़गांवा से कनीज फातिमा और भोड़सर से मनीषा यादव का कार्य बेहद असंतोषजनक पाया गया। सर्वे कार्य में देरी और विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने पर डीपीआरओ ने इन पांचों पंचायत सहायकों को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते कार्य पूर्ण नहीं हुआ, तो गंभीर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ड्यूटी से गायब मिले ग्राम विकास अधिकारी पर गिरी गाज
निरीक्षण के इसी क्रम में डीपीआरओ ने ग्राम विकास अधिकारियों की उपस्थिति की भी औचक जांच की। जांच के दौरान ग्राम विकास अधिकारी (VDO) स्थमाह अपने तैनाती स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। बिना सूचना गायब रहने पर डीपीआरओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और एडीओ पंचायत को निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी को तत्काल नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाए। उन्होंने साफ कहा कि पंचायत स्तर पर जनता की सेवा में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
सुल्तानपुर गौशाला की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
प्रशासनिक सख्ती के बीच डीपीआरओ ने शहाबगंज के सुल्तानपुर गांव स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने पशुओं के चारे, पानी की उपलब्धता और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला की व्यवस्थाएं बेहतर पाई गईं, जिस पर डीपीआरओ ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने एडीओ पंचायत अरविंद सिंह और संबंधित कर्मचारियों को इसी तरह सुव्यवस्थित ढंग से कार्य जारी रखने के निर्देश दिए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






