जलभराव से ठप हुई बच्चों की पढ़ाई: शहाबगंज के डुमरी प्राथमिक स्कूल में घुसा पानी, ग्रामीणों ने की नाले की मांग
चंदौली के शहाबगंज में भारी बारिश से डुमरी प्राथमिक विद्यालय जलमग्न हो गया है। परिसर में घुटनों तक पानी भरने से छोटे-छोटे बच्चे जोखिम उठाकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। जानिए पूरी खबर।
डुमरी प्राथमिक विद्यालय में भारी जलजमाव
घुटनों तक पानी में जाने को मजबूर बच्चे
हर साल बरसात में बढ़ती है परेशानी
ग्रामीणों ने की पक्के नाले की मांग
ग्राम प्रधान ने जल निकासी का दिया आश्वासन
चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र में हुई भारी बारिश ने सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी है। डुमरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर और उसके मुख्य रास्ते पर घुटनों तक पानी भर गया है। चारों तरफ जलभराव और कीचड़ होने की वजह से स्कूल में पठन-पाठन का काम पूरी तरह से ठप हो गया है और बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

जोखिम में डालकर स्कूल पहुँच रहे छोटे बच्चे
स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे मासूम बच्चे जान जोखिम में डालकर जलभराव और कीचड़ के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। पानी के कारण रास्तों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे बच्चों के गिरने और चोटिल होने का खतरा लगातार बना हुआ है। इस स्थिति को देखकर अभिभावक भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी डरे और चिंतित नजर आ रहे हैं।
शिक्षकों को भी आने-जाने में हो रही दिक्कत
जलजमाव का असर सिर्फ बच्चों पर ही नहीं, बल्कि स्कूल के शिक्षकों पर भी पड़ रहा है। अध्यापकों को भी पानी से होकर ही स्कूल परिसर तक पहुंचना पड़ रहा है। लगातार बनी इस समस्या की वजह से स्कूल की दैनिक शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह से प्रभावित हो रही हैं और पढ़ाई का माहौल खराब हो रहा है।
हर साल बनती है यही मुसीबत, समाधान नहीं
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है। हर साल मानसून के मौसम में स्कूल परिसर में इसी तरह पानी भर जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को सब पता होने के बावजूद अब तक जल निकासी का कोई पक्का इंतजाम नहीं किया गया। अगर समय रहते यहां नाला बनवा दिया जाता, तो आज बच्चों को यह दिन न देखना पड़ता।
ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने रखी अपनी बात
मामले को लेकर ग्राम प्रधान संतोष राम गौंड ने बताया कि लगातार बारिश की वजह से जलभराव हुआ है और पानी निकालने की कोशिशें की जा रही हैं। वहीं, ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर से तुरंत पानी निकाला जाए और स्थायी नाले का निर्माण कराया जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ाई करने का मौका मिले।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








