जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुसाखाड़ बांध के 8 गेट खोलने को मजबूर हुए अफसर, भारी बारिश से बांध हुआ लबालब

सुरक्षा की दृष्टि से उपनिरीक्षक संगम लाल दुबे, रामचंद्र शाही, अंगद सिंह, और कांस्टेबल राजू चौहान मौके पर तैनात थे और लगातार निगरानी कर रहे थे।
 

मुसाखाड़ बांध के आठ गेट खुले

इलाके में कर्मनाशा नदी भी तेजी से उफान पर

पुराना पुल भी डूबने से प्रशासन आया अलर्ट मोड में

चंदौली जिले के शहाबगंज इलाके में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद शहाबगंज क्षेत्र में स्थिति गंभीर हो गई है। लगातार बारिश से मुसाखाड़ बांध पूरी तरह लबालब भर गया है, जिसके चलते विभागीय अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से बांध के आठ गेट खोल दिए हैं। इसी तरह, लतीफशाह बांध से भी लगभग आठ से दस फीट पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। प्रशासन ने बाढ़ग्रस्त गांवों को अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

आवागमन ठप होने से नया पुल बना सेल्फी प्वाइंट
बांधों से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण कर्मनाशा नदी उफान पर आ गई है। नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा है कि शहाबगंज स्थित पुराने पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिसके कारण पुल पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। नदी किनारे स्थित कई दुकानों में पानी घुस गया है, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।

वहीं, स्थिति का जायजा लेने के साथ ही लोग इस नजारे को देखने के लिए नए पुल पर उमड़ पड़े। कस्बा और आसपास के गांवों के लोग नए पुल को सेल्फी प्वाइंट बनाकर नदी के तेज बहाव को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

पुलिस ने भीड़ को हटाया, सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुल पर अत्यधिक भीड़ की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र अपने सहयोगी दल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने पुल पर जमा हुई भीड़ को हटाया और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि लोग बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों की ओर न जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सुरक्षा की दृष्टि से उपनिरीक्षक संगम लाल दुबे, रामचंद्र शाही, अंगद सिंह, और कांस्टेबल राजू चौहान मौके पर तैनात थे और लगातार निगरानी कर रहे थे।

प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र में जलस्तर की निगरानी में जुटी हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत व्यवस्था पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। बांधों से पानी छोड़ने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जिसके चलते लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*