जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बिजली कटौती और लो-वोल्टेज के खिलाफ फूटा गुस्सा, 18 जुलाई को इलिया पावर हाउस पर गरजेंगे किसान

चंदौली के इलिया क्षेत्र में लो-वोल्टेज, अघोषित कटौती और ट्रिपिंग से तंग आकर किसान विकास मंच ने 18 जुलाई को जंगलपुर पावर हाउस पर धरना देने का एलान किया है। किसानों ने आर-पार की लड़ाई की चेतावनी दी है।

 
 

बिजली संकट के खिलाफ महाधरना

18 जुलाई को इलिया में प्रदर्शन

लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से नाराजगी

पावर हाउस की क्षमता बढ़ाने की मांग

सुबह 11 बजे जुटेंगे सैकड़ों किसान

 चंदौली जिले के इलिया क्षेत्र में बिजली की बदहाली को लेकर अब उपभोक्ताओं और किसानों का धैर्य जवाब दे गया है। लगातार हो रही लो-वोल्टेज की समस्या, अघोषित बिजली कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से नाराज किसान विकास मंच ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंच ने आगामी 18 जुलाई को इलिया के जंगलपुर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर एक बड़े धरना-प्रदर्शन का एलान किया है। यह आंदोलन सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

लो-वोल्टेज से खेती और घरेलू काम ठप
किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि खराब विद्युत आपूर्ति के कारण आम जनता और किसानों का जीना मुहाल हो गया है। लो-वोल्टेज के चलते जहाँ घरों के पंखे और अन्य उपकरण शोपीस बन गए हैं, वहीं किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए सबमर्सिबल पंप चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समय बिजली न मिलने से खेती-किसानी पूरी तरह चौपट होने की कगार पर पहुंच गई है।

कनेक्शन बढ़े पर नहीं बदली उपकेंद्र की क्षमता
मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि विभाग हर साल धड़ल्ले से नए घरेलू और कृषि बिजली कनेक्शन तो बांट रहा है, लेकिन इलिया विद्युत उपकेंद्र की क्षमता को बढ़ाने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। ओवरलोडिंग के कारण ही उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल पा रही है। किसान विकास मंच की मुख्य मांग है कि जंगलपुर उपकेंद्र की क्षमता तुरंत बढ़ाई जाए और इस गंभीर समस्या का कोई परमानेंट (स्थायी) इलाज किया जाए।

कल सुबह 11 बजे होगा पावर हाउस का घेराव
अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने क्षेत्र के सभी किसानों, व्यापारियों, ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 18 जुलाई को सुबह 11 बजे भारी संख्या में जंगलपुर पावर हाउस पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि अगर इस प्रदर्शन के बाद भी बिजली विभाग के अफसरों की नींद नहीं टूटी और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में चक्का जाम जैसा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*