जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

हाईवा की चपेट में आकर टूटे बिजली के तार, कई घरों की बिजली गुल, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया

चंदौली के इलिया कस्बा में लेवा-इलिया मार्ग पर हाईवा ट्रक की चपेट में आकर कई घरों के बिजली तार टूटे, मीटर क्षतिग्रस्त, ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ा, कई घरों की बिजली ठप।

 
 

हाईवा की चपेट में बिजली तार टूटे

इलिया कस्बा में बिजली आपूर्ति ठप

250 केवीए ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ा

कई घरों के मीटर क्षतिग्रस्त

पुलिस ने हाईवा ट्रक कब्जे में लिया

चंदौली जिले के इलिया कस्बा में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लेवा-इलिया मार्ग पर एक हाईवा ट्रक बिजली के तारों को तोड़ता हुआ निकल गया। हादसे के बाद कई घरों की बिजली गुल हो गई और लोगों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि हाईवा ट्रक लेवा-इलिया मार्ग पर 250 केवीए ट्रांसफार्मर के पास से गुजर रहा था। ट्रक की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण वह सड़क किनारे घरों में बिजली आपूर्ति के लिए लगे तारों में फंस गया। ड्राइवर ने ट्रक रोकने की बजाय उसे खींचते हुए आगे बढ़ा दिया। इससे कई घरों के बिजली कनेक्शन के तार टूट गए।

तार टूटने से कई घरों के बिजली मीटर भी उखड़कर क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर का फ्यूज भी उड़ गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

Eliya-hyva-break-electric-wire-power-cut

शॉर्ट सर्किट से फैली दहशत, बाल-बाल बचे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार खिंचने से अचानक हुए शॉर्ट सर्किट और तेज आवाज से लोगों में दहशत फैल गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अगर उस समय कोई तार के पास होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

तार टूटने के बाद से इलाके के कई घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। शाम के समय बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चों की पढ़ाई से लेकर घर के रोजमर्रा के काम भी रुक गए।

ग्रामीणों ने ट्रक को रोका, पुलिस ने कब्जे में लिया

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए हाईवा ट्रक को आगे जाकर रोक लिया। ड्राइवर से पूछताछ की तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना इलिया पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर इलिया पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष हरिनारायण पटेल ने बताया कि हाईवा ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के चलते प्रभावित घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली विभाग को सूचना दे दी गई है और जल्द ही टूटे तारों को ठीक कर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि लेवा-इलिया मार्ग पर बिजली के तारों की ऊंचाई बढ़ाई जाए और बड़े वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*