ज्वेलरी शॉप में बड़ी चोरी: जंतर खरीदने के बहाने आए उचक्के ने उड़ाया 7.50 लाख का सोना
चंदौली के इलिया कस्बे में 'विशाल अलंकार ज्वेलर्स' से एक उचक्का जंतर खरीदने के बहाने करीब 7.50 लाख रुपये का सोना चोरी कर भाग निकला। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
इलिया के विशाल अलंकार ज्वेलर्स में चोरी
जंतर देखने के बहाने 7.50 लाख की चपत
तिजोरी से निकाले लॉकेट लेकर उचक्का फरार
इलिया पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही जांच
चंदौली जिले के इलिया कस्बा स्थित 'विशाल अलंकार ज्वेलर्स' में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई। दुकान के संचालक आलोक कुमार वर्मा किसी निजी काम से वाराणसी गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी में दुकान पर उनका बेटा विशाल वर्मा बैठा हुआ था। दोपहर करीब 12:30 बजे एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ।

बातों में उलझाकर उड़ाया 7.50 लाख का सोना
दुकान में पहुँचकर युवक ने जंतर और लॉकेट दिखाने के लिए कहा। दुकानदार विशाल वर्मा ने तिजोरी से अलग-अलग डिजाइन के सोने के लॉकेट निकालकर टेबल पर रख दिए। इसी दौरान आरोपी ने बड़ी चालाकी से दुकानदार को बातों में उलझाया और मौका पाते ही झाला का एक पूरा पैकेट गायब कर दिया। चोरी हुए गहनों की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

सामान समेटते वक्त खुली चोरी की पोल
सामान पार करने के बाद आरोपी बड़ी ही खामोशी और सफाई के साथ दुकान से बाहर निकल गया। उसके जाने के कुछ देर बाद जब विशाल ने गहनों को वापस संभालना शुरू किया, तो झाला का पैकेट गायब मिला। आनन-फानन में आसपास खोजबीन की गई, लेकिन उचक्के का कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना तुरंत इलिया थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली, जिसमें संदिग्ध युवक की हरकतें कैद पाई गई हैं। पीड़ित आलोक वर्मा की तहरीर पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि संदिग्ध की पहचान की कोशिश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद से स्थानीय सर्राफा व्यापारियों में डर का माहौल है और उन्होंने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








