जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली के लॉन से चोरी हुई थी बाइक: चकिया रिश्तेदारी जाते समय पुलिस चेकिंग में धराया बिहार का चोर

चंदौली की इलिया थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल और एंड्रॉइड मोबाइल के साथ कैमूर (बिहार) निवासी लोरिक यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।

 
 

इलिया पुलिस ने किया चोर गिरफ्तार

बिहार के कैमूर का रहने वाला आरोपी

चोरी की सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद

रेडमी का एंड्रॉइड मोबाइल भी जप्त

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

चंदौली जिले के इलिया थाना पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मालदह की तरफ से आने वाले नहर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखी, जिसे रोकने का पुलिस ने इशारा किया।

पीछे बैठा साथी खेत के रास्ते भाग निकला

पुलिस का इशारा देखते ही बाइक पर पीछे बैठा युवक तुरंत उतरकर खेत की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वह चकमा देकर फरार हो गया। हालाँकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक चला रहे युवक को मौके पर ही दबोच लिया।

जांच में खुली चोरी की पोल

पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार राज्य के कैमूर (भभुआ) जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा गांव निवासी लोरिक यादव (19 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक रेडमी कंपनी का एंड्रॉइड फोन और सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। जब पुलिस ने ई-चालान ऐप से चेचिस नंबर की जांच की, तो गाड़ी का असली नंबर UP67Y0755 निकला। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी के मालिक को फोन करके बरामदगी की जानकारी दी।

रिश्तेदारी में जाते समय पकड़े गए

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी लोरिक ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर कुछ महीने पहले चंदौली के श्रीराधा कृष्ण लॉन से यह बाइक चुराई थी। दोनों इसी चोरी की बाइक से चकिया में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे कि रास्ते में चेकिंग के दौरान पकड़े गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*