इलिया क्षेत्र में एक्टिव हुआ भैंस चोर गिरोह! तीन दिन पहले धनरिया में फेल हुई थी कोशिश, अब सीहर से उड़ा ले गए मवेशी
चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र के सीहर गांव में बीती रात घर के बाहर बंधी एक भैंस को अज्ञात चोर चुरा ले गए। इलाके में लगातार हो रही पशु चोरी की कोशिशों से स्थानीय पशुपालकों और किसानों में भारी दहशत है।
घर के बाहर से भैंस चोरी
इलिया थाने में मुकदमा दर्ज
पशुपालकों में मची भारी दहशत
तीन दिन पहले भी हुआ प्रयास
ग्रामीणों ने की गश्त की मांग
चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र में इन दिनों पशु चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे किसान और पशुपालक खासे परेशान हैं। ताजा मामला सीहर गांव से सामने आया है, जहाँ बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के बाहर बंधी एक भैंस पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब गृहस्वामी की आंख खुली तो खूंटे पर भैंस गायब देखकर उनके होश उड़ गए।
इलिया थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
जानकारी के मुताबिक, सीहर गांव के रहने वाले नंदू पटेल ने रोज की तरह अपनी भैंस को रात में घर के बाहर बने छप्पर में बांधा था। सुबह भैंस गायब मिलने पर परिजनों ने आसपास के खेतों और दूसरे गांवों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। हार मानकर पीड़ित ने इलिया थाने में तहरीर दी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
तीन दिन पहले भी हुई थी चोरी की कोशिश
पशुपालकों में इस घटना के बाद से इसलिए ज्यादा डर है क्योंकि ठीक तीन दिन पहले पास के धनरिया गांव में भी ऐसी ही एक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई थी। वहाँ भी चोर देर रात भैंस खोलकर ले जा रहे थे, लेकिन मालिक के जाग जाने पर चोरों को मवेशी छोड़कर भागना पड़ा था। लगातार हो रही इन घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








