जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धनराशि जमा करने के बाद भी नहीं मिला सोलर पंप, सरकारी अफसरो की हरकत से किसान परेशान ​​​​​​​

पीड़ित ने कहा कि वह कई बार विभाग के अधिकारियों से मिला लेकिन हर बार उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि जल्द समाधान हो जाएगा। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस स्थिति से किसान काफी आहत और नाराज है।
 

मनकपड़ा गांव के विद्याधर पांडेय ने जमा किए 65,500 रुपये

महीनों बाद भी नहीं मिला दो एचपी का सोलर पंप

किसान को लौटाए नहीं गए जमा किए गए पैसे

ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले के चकिया में लघु सिंचाई विभाग की लापरवाही से शहाबगंज ब्लॉक के मनकपड़ा गांव के किसान विद्याधर पांडेय महीनों से परेशान हैं। उन्होंने विभाग की सोलर पंप योजना के तहत दो एचपी के सोलर पंप के लिए 65,500 रुपये जमा किए थे। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी न तो उन्हें पंप मिला और न ही उनकी जमा राशि लौटाई गई।

किसान का आरोप – मांगे गए अतिरिक्त पैसे
विद्याधर पांडेय ने बताया कि उन्होंने तय प्रक्रिया के अनुसार समय से आवेदन कर विभाग को पूरी राशि दी थी। इसके बाद कई महीनों तक दौड़-धूप करने के बावजूद सोलर पंप नहीं मिला। उल्टा विभाग के कुछ कर्मियों द्वारा अतिरिक्त पैसे की मांग की जाने लगी। जब किसान ने इसका विरोध किया और अपनी जमा रकम वापस मांगी तो कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

अधिकारियों पर लगाया टालमटोल का आरोप
पीड़ित ने कहा कि वह कई बार विभाग के अधिकारियों से मिला लेकिन हर बार उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि जल्द समाधान हो जाएगा। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस स्थिति से किसान काफी आहत और नाराज है।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
विद्याधर पांडेय के समर्थन में गांव के अन्य ग्रामीण भी आगे आए हैं। उन्होंने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो वे पीड़ित के साथ मिलकर जिलाधिकारी से लेकर शासन तक शिकायत करेंगे और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने साफ कहा कि या तो सोलर पंप दिया जाए या फिर पूरी राशि ब्याज सहित वापस की जाए।

विभाग ने दी सफाई
वहीं इस मामले में अवर अभियंता लघु सिंचाई विकास कुमार ने बताया कि  किसान द्वारा जमा किया गया पैसा वापस करने के लिए पत्र जिले पर भेजा गया है। जैसे ही धनराशि उपलब्ध होगी, उसे लौटा दिया जाएगा।

किसानों की मांग – जल्द हो समाधान
ग्रामीणों ने विभाग से अपील की है कि किसानों के हित में योजनाएं चलाई जाती हैं लेकिन ऐसी लापरवाही से उनकी समस्याएं और बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही मुश्किल में हैं और ऐसे मामलों में विभाग को तुरंत और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भरोसा बना रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*