उपजाऊ भूमि अधिग्रहण के खिलाफ लामबंद हुए किसान, किसान विकास मंच की बैठक में हुआ ऐलान
भिटिया गांव में हुई किसान विकास मंच की बैठक
सैकड़ों किसानों की भारी उपस्थिति
विकास योजनाओं के नाम पर भूमि अधिग्रहण पर आपत्ति
समाधान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
चंदौली जिले के शहाबगंज क्षेत्र में सोमवार को किसान विकास मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भिटिया गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में किसान जुटे और सरकार द्वारा लगातार हो रहे उपजाऊ भूमि अधिग्रहण के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना है कि विकास के नाम पर भारत माला एक्सप्रेस-वे, सागर माला, ग्रीन कॉरिडोर, इंडस्ट्रियल एरिया और स्मार्ट सिटी जैसी योजनाओं के लिए उपजाऊ कृषि भूमि अधिग्रहित की जा रही है, जो भविष्य में किसानों और आम जनता दोनों के लिए गंभीर संकट पैदा करेगा।

बैठक की अध्यक्षता राधेश्याम पांडेय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेती ही किसानों की आजीविका का मुख्य साधन है। यदि उपजाऊ खेतों पर कारखाने और सड़कें बनाई जाएंगी तो आने वाली पीढ़ियों का पेट कौन भरेगा? उद्योग और सड़कें विकास का हिस्सा हो सकती हैं, लेकिन भोजन का विकल्प कभी नहीं बन सकतीं। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने भी जोर देकर कहा कि सरकार को विकास कार्यों के लिए बंजर या अनुपजाऊ भूमि का चयन करना चाहिए, न कि उपजाऊ खेतों को नष्ट करना चाहिए।

बैठक में मौजूद किसानों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि यदि प्रशासन ने उपजाऊ भूमि पर अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई तो उसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। किसानों ने चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर अपनी उपजाऊ भूमि छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
अंत में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि किसान विकास मंच चरणबद्ध आंदोलन करेगा। पहले ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को सचेत किया जाएगा और यदि फिर भी समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
इस बैठक में सैकड़ों किसानों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि किसान एकजुट होकर अपनी जमीन बचाने की लड़ाई लड़ेंगे। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार द्विवेदी, इन्द्रदेव सिंह यादव, प्रकाश मौर्य, धीरेन्द्र सिंह, उपेन्द्र सिंह, परमानंद सिंह, अनिल सिंह, अयूब खान, भोला नाथ, अनिल पांडेय, राजेश्वर सिंह, त्रिलोकीनाथ, रमेश, कन्हैया सिंह, बलवंत, रामदुलार, हबिलाष, कामेश्वर, सुरेश मौर्य और कैलाश नाथ सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। बैठक का संचालन राम अवध सिंह और अध्यक्षता सत्यदेव सिंह पटेल ने किया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








