जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली जिले में शुरू हो गया फसलों में आग लगने का सिलसिला, भीषमपुर गांव में 20 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख ​​​​​​​

चंदौली जिले के चकिया में स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भीषमपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर में शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
 

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

भीषमपुर गांव में 20 बीघा गेहूं की फसल जली

12 किसानों को हुआ नुकसान

फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने में पाई सफलता

चंदौली जिले के चकिया में स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भीषमपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर में शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया गया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच कर काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाई। बावजूद इसके आग से 20 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। लगभग 12 किसानों की मेहनत आग की भेंट हुई है। नष्ट फसल की कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। 


खेतों में गेहूं की फसल पक कर तैयार हो गई है। इसकी कटाई की तैयारी चल रही है। कुछ स्थानों पर तो किसानों ने गेहूं की कटाई शुरू भी कर दी है। वहीं खेतों के उपर से हाईटेंशन तार गुजरे हैं। जो कि गेहूं की फसल के लिए खतरनाक हैंगांव में खेत से सटा मनोज मौर्य का मिल भी है। मिल पर केबल के माध्यम से बिजली आपूर्ति होती है। ग्रामीणों के अनुसार, दोपहर में केबल के शार्ट सर्किट से चिंगारी निकली और गेहूं के खेत में पहुंची। इससे आग लग गई। खेत में धुएं का गुबार देख किसानों ने शोर मचाया और आग बुझाने दौड़े। 


किसानों ने हिम्मत जुटाते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिया लेकिन तेज हवा के चलते सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। प्रयास के बाद आग बुझी लेकिन तब तक 12 किसानों का 20 बीघा गेहूं के फसल जलकर नष्ट हो गया। आग से भीषमपुर गांव निवासी अली मुर्तजा, उस्मान अली, राजेश सिंह, गंगाधर, गुलाब सिंह, राम प्रसाद, रामरक्षा, रामाज्ञा, शाहिद मिर्जा, गेना देवी, राजेश के खेत में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। 


ग्राम प्रधान अरविंद गुप्ता की सूचना पर चकिया के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, लेखपाल सुजीत यादव, प्रधान प्रतिनिधि राकेश गुप्ता आदि खेत में पहुंच कर के नुकसान हुए फसलों का जायजा लिया। विधायक ने तहसील प्रशासन से पीड़ित किसानों को फसल बीमा सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया।


12 एकड़ पुआल जलकर राख 


इलिया क्षेत्र के मनकपड़ा गांव में राकेश सिंह के खलिहान में बृहस्पतिवार की शाम आग लगने से बारह एकड़ का पुआल जल गया। संयोग अच्छा रहा कि हवा तेज नहीं थी। इससे बड़ी अनहोनी टल गई। पुआल से उठ रही ऊंची-ऊंची लपटों के कारण ग्रामीण आग के निकट नहीं जा पा रहे थे। हालांकि अथक प्रयास कर खड़ी गेहूं की फसल बचाया जा सका। सूचना के एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। 

                                                                                                   

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*