बसाढी गांव में तोड़ दिया गया है सरकारी पैसे से बना कूड़ा घर, सैदूपुर चौकी पुलिस कर रही है तलाश
बसाढी गांव में अराजक तत्वों ने कूड़ा घर किया ध्वस्त
ग्राम प्रधान ने सैदूपुर चौकी में दे दी है तहरीर
गांव की संपत्ति तोड़ने वालों पर कार्रवाई का किया मांग
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत बसाढी गांव में शनिवार की रात अराजक तत्वों ने ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए सार्वजनिक कूड़ा घर को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। कूड़ा घर ग्रामीण स्वच्छता और साफ-सफाई को ध्यान में रखते हुए पंचायत निधि से बनाया गया था। ग्राम प्रधान मनोहर केशरी ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सैदूपुर पुलिस चौकी में अज्ञात लोगों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी है।

ग्राम प्रधान मनोहर केशरी ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ असामाजिक तत्व विकास कार्यों को बाधित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की हरकत कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव-गांव में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए योजनाएं चला रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ शरारती लोग इन्हें पलीता लगाने पर तुले हुए हैं।
सैदूपुर पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को चिन्हित कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








