जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया में गुरुजी की हैवानियत! कक्षा 4 के छात्र को बेरहमी से पीटा, ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

चंदौली जिले के प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में कक्षा चार के एक दलित छात्र को शिक्षक द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पिटाई से बच्चे के शरीर पर गंभीर चोट के निशान आ गए हैं, जिससे परिजनों में आक्रोश है।

 
 

प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में छात्र पिटाई

दलित छात्र के साथ मारपीट का आरोप

परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश

चकिया बेसिक शिक्षा विभाग पर सवाल

चंदौली जिले के चकिया विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ तैनात एक शिक्षक पर कक्षा चार में पढ़ने वाले एक दलित छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों के अनुसार, शिक्षक की इस बर्बरता से मासूम बच्चे के शरीर पर कई जगहों पर चोट के गंभीर निशान उभर आए हैं।

गाली-गलौज कर बच्चे को पीटने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में तैनात शिक्षक संजीव तिवारी पर आरोप है कि उन्होंने मामूली बात पर छात्र के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बच्चा जब रोते हुए घर पहुँचा और परिजनों को पूरी बात बताई, तो उसके शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इस घटना के बाद से परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बीएसए के सख्त निर्देशों की उड़ाई गईं धज्जियां
गौततलब है कि अभी हाल ही में नौगढ़ विकासखंड के एक प्राथमिक विद्यालय में भी छात्र की पिटाई का मामला सामने आया था। उस घटना में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी शिक्षामित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी और प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया था। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने साफ निर्देश दिया था कि स्कूलों में बच्चों को शारीरिक या मानसिक दंड देना कानूनन अपराध है।

दोषी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग
इस नई घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*