जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

इलिया बाजार में ट्रांसफार्मर के पास लगे डिजिटल मीटर में लगी आग, बिजली गुल

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास ही लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई थी।
 

इलिया कस्बे के बाजार में देर शाम मचा हड़कंप

63 केवीए ट्रांसफार्मर के पास अचानक भड़की आग

स्थानीय लोगों ने बालू डालकर बुझाई आग

बाजार की आधी बिजली सप्लाई हुई ठप

चंदौली जिला के इलिया कस्बा के बाजार के उत्तरी भाग में बुधवार की देर शाम बड़ा हादसा टल गया। यहां लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर के पास स्थित डिजिटल मीटर में अचानक आग लग गई, जिससे आधे बाजार की बिजली सप्लाई ठप हो गई। आग लगने के कारण लगभग 20 मिनट तक बाजार में अफरा-तफरी मच गई। 

बताया जा रहा है कि ओवरलोड के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे मीटर में आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने तुरंत बालू से आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे बड़ी घटना टल गई। लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर सूचना देने के लिए सरकारी हेल्पलाइन नंबर पर कई बार फोन किया, लेकिन फोन पर “स्विच ऑफ” बताता रहा। इस लापरवाही से कस्बेवासियों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास ही लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई थी। यदि आग कूड़े के ढेर तक पहुंच जाती, तो पास में ही रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर और मकानों में बड़ी क्षति हो सकती थी। फिलहाल आधे बाजार की बिजली पूरी रात गुल रही और लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, साथ ही ट्रांसफार्मर के आसपास से कूड़ा हटवाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही और ओवरलोड व्यवस्था पर ध्यान न देने से आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। 

इस संबंध में अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि ओवरलोड के कारण केबल गर्म हो जाने कारण आग लगा है। दूसरे दिन नया केबल लगाकर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*