इसरगोढ़वा गांव के लोग नाली, सफाई, पेयजल सहित विकास की कई योजनाओं से हैं वंचित
शहाबगंज विकासखंड के इस गांव में नहीं हैं सुविधाएं
ग्राम पंचायत बनरसिया के इसरगोढ़वा गांव के लोग कर रहे इंतजार
उपजिलाधिकारी को सौंपी समस्याओं की लिस्ट
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनरसिया के इसरगोढ़वा गांव के लोग आज भी विकास की सुविधाओं से वंचित है। गांव में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। शिकायत के बाद भी समस्याओं का निराकरण न होने से ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को पत्र देकर निराकरण का मांग किया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य गली में नाली का निर्माण करके उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। इसी प्रकार दो वर्ष पूर्व बीच गांव के गलियों में बने नाली का निर्माण तो किया गया है, मगर उस पर ढक्कन नहीं लगाया गया और पूरी नाली खुला छोड़ दिया गया है। जबकि गली से छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल जाने से लेकर आम जनों को पैदल तथा दो पहिया वाहन से बराबर आना जाना लगा रहता है। ऐसी स्थिति में बराबर दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।

गांव में विकास कार्य को संपादित करने के लिए बने ग्राम सचिवालय में अक्सर ताला लटका रहता है। कभी कभार सचिवालय खुलने पर ग्रामीण अपने काम को लेकर जब पहुंचते हैं तो वहां ना तो पेयजल की व्यवस्था है नहीं बैठने के लिए किसी तरह का संसाधन उपलब्ध कराया गया है। जबकि सचिवालय के निर्माण में लाखों रुपए खर्च हुए हैं। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्र की हालत काफी दयनीय है। केंद्र पर नौनिहालों को शिक्षा दिए जाने की हालत भी काफी खराब है। वहीं नामांकित बच्चों को पोषाहार वितरण नहीं किया जाता है। गांव में सफाई कर्मी के ना आने से मुख्य मार्ग से लेकर गांव की गलियों की सफाई खुद ग्रामीण करने को विवश होते हैं।
गांव के कुंदन चौहान, रमेश यादव, आशा देवी, विकास यादव, श्रीनिवास चौहान, रामसूरत सिंह, मुरली, राम सिंह, जय सिंह चौहान, सूरत आदि क्या कहना है कि गांव के तमाम समस्याओं के लिए कई बार ग्राम प्रधान से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगाई गई लेकिन आज तक किसी ने समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया। जिससे नाराज ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव में उत्पन्न समस्या के निराकरण का मांग किया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







