सावन के पहले सोमवार पर बाबा जागेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सावन के पहले सोमवार पर चकिया स्थित बाबा जागेश्वरनाथ धाम में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। तड़के 3 बजे से लगी लंबी कतारों के बीच जयकारों से पूरा परिसर शिवमय बना रहा।
सावन सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब
20 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
तड़के 3 बजे से लगीं लंबी कतारें
मां काली मंदिर परिसर में भी भारी भीड़
सुरक्षा के लिए पीएसी और पुलिस तैनात
चंदौली जिले की चकिया तहसील क्षेत्र स्थित महर्षि याज्ञवल्क्य की तपोभूमि में बने प्रसिद्ध बाबा जागेश्वरनाथ धाम में सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के 3 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पूरे दिन हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
अनुमान के मुताबिक 20 हजार से ज्यादा शिवभक्तों ने स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर अपने परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना की। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, काले तिल, गन्ने का रस, शहद, सफेद फूल और फल अर्पित किए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सावन सोमवार का व्रत भी रखा।
चकिया मां काली मंदिर परिसर में भी लगी भीड़
बाबा जागेश्वरनाथ धाम के साथ-साथ चकिया नगर स्थित ऐतिहासिक मां काली मंदिर परिसर में भी भारी भीड़ उमड़ी। यहाँ स्थापित उदीतेश्वर, महीपेश्वर और दीपेश्वर शिवलिंगों पर भक्तों ने जलाभिषेक किया। दूर-दराज के गांवों और आसपास के जिलों से आए श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की।

प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जागेश्वरनाथ मंदिर के महंत अनूप गिरी ने बताया कि तड़के से ही श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी रहा। मंदिर प्रबंधन ने दर्शन-पूजन की काफी सुव्यवस्थित व्यवस्था की थी, जिससे लोगों को सहूलियत मिली।
सुरक्षा के लिहाज से तहसील प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार चौहान और प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में रामपुर व शिकारगंज चौकी पुलिस के साथ पीएसी के जवान पूरे मेला क्षेत्र में तैनात रहे, जिससे शांतिपूर्वक दर्शन संपन्न हुआ।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








