चकिया में जीवित्पुत्रिका पर्व की धूम: पुत्रों की लंबी उम्र के लिए महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत
चंदौली के शहाबगंज क्षेत्र में जीवित्पुत्रिका (जितिया) पर्व पूरे श्रद्धा-भाव से मनाया गया। महिलाओं ने पुत्रों की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और सुख-समृद्धि के लिए विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर अखंड व्रत रखा।
पुत्र की दीर्घायु के लिए जीवित्पुत्रिका पूजन
चंदौली के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शहाबगंज क्षेत्र में जितिया पर्व की धूम
विधि विधान से किया गया सामूहिक पूजन
बाजारों में पूजन सामग्री की भारी खरीदारी
चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड में शुक्रवार को जीवित्पुत्रिका पर्व पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। क्षेत्र की माताओं ने अपने बेटों की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ यह व्रत रखा। दिनभर क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों, पोखरों और पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं का जमावड़ा लगा रहा।

मंदिरों और पोखरों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
इलिया स्थित काली माता मंदिर, सैदूपुर हनुमान मंदिर, बरहुआ काली मंदिर और बेन पोखरा पर सुबह से ही चहल-पहल दिखी। इसके अलावा तियरी शिव मंदिर, लेहरा खास, मनकपड़ा, बिशनपुरवां, खखड़ा, बरियारपुर और खरौझा सहित आसपास के गांवों में भी महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। दोपहर के बाद से ही महिलाएं हाथों में पूजन सामग्री और फल लेकर पूजा स्थलों पर पहुंचने लगी थीं।

सामूहिक पूजा और परंपरा का निर्वहन
पूजा स्थलों पर एकत्र होकर महिलाओं ने जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी और जीमूतवाहन की परंपरागत तरीके से पूजा की। कई महिलाओं ने अपने घरों में भी पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की। इस दौरान माताओं ने अपने बेटों के मंगलमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की ईश्वर से प्रार्थना की। पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई भी दी।

बाजारों में बनी रही खरीदारों की चहल-पहल
पर्व के अवसर पर शहाबगंज के बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। फल, फूल, जिउतिया और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे दिन क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा और व्रती महिलाओं के चेहरे पर संतान सुरक्षा का भाव साफ नजर आया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







