व्यापारियों के साथ मीटिंग करके इन मुद्दों पर पुलिस ने की चर्चा, सड़क पर अतिक्रमण न करने की अपील
सैदूपुर में पुलिस और व्यापारियों की संयुक्त बैठक
सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण पर हुई विस्तार से चर्चा
अपनी-अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं व्यापारी
चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र की सैदूपुर पुलिस चौकी पर मंगलवार की शाम व्यापारियों और पुलिस की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, पुलिस और व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाना और आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने व्यापारियों से अपील की कि वे सतर्क रहें और बाजार में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा और सहयोग के लिए हर पल तत्पर है। इस दौरान व्यापारियों ने भी बाजार में होने वाली विभिन्न समस्याओं को पुलिस के समक्ष रखा और उनके त्वरित समाधान की मांग की।

बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक सक्रिय किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल पांडेय ने व्यापारियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी-अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। इसके अलावा, उन्होंने यातायात सुचारू रखने के लिए दुकानों के बाहर सड़क पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करने का निर्देश दिया और दुकान के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया।

इस संयुक्त बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री अशोक गुप्ता, सैदपुर अध्यक्ष शमशेर चौहान, ग्राम प्रधान अजय गुप्ता, ग्राम प्रधान मनोहर केशरी सहित चंदन सेठ, सत्य प्रकाश गुप्ता, मनीष केशरी, संजय गुप्ता, मनोज श्रीवास्तव और अन्य व्यापारी संघ के पदाधिकारी तथा पुलिस कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस बैठक को क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज़ से एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







