CMO का आदेश बेअसर: कटवा माफी PHC पर लेट पहुंचीं महिला डॉक्टर, ग्रामीणों ने किया हंगामा
कटवा माफी एडिशनल पीएचसी पर डॉक्टर के न आने से नाराज ग्रामीणों ने एक बार फिर विरोध प्रदर्शन किया। सीएमओ के सख्त निर्देश के बावजूद डॉक्टर साहिबा के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने कार्रवाई की मांग की।
कटवा माफी एडिशनल पीएचसी पर बढ़ा ग्रामीणों का गुस्सा
सीएमओ डॉ. पारितोष मिश्रा का आश्वासन साबित हुआ बेअसर
लेट से पहुंची महिला डॉक्टर का ग्रामीणों ने किया विरोध
अस्पताल प्रभारी डॉ. जेपी गुप्ता से की गई लिखित शिकायत
ग्रामीणों ने डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
चंदौली जिले के कटवा माफी स्थित एडिशनल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को ग्रामीणों के भारी धरना-प्रदर्शन के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. पारितोष मिश्रा ने अस्पताल में डॉक्टर की नियमित मौजूदगी का भरोसा दिया था। हालांकि, इसके बावजूद बुधवार को भी डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचीं, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया।

गुरुवार को देर से पहुंचीं महिला डॉक्टर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
गुरुवार को जब डॉक्टर मोनिका तय समय के काफी देर बाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं, तो वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों ने उनके रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉक्टर साहिबा की मनमानी और गैरहाजिरी की वजह से मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसका सबसे ज्यादा खामियाजा गरीब और असहाय ग्रामीण परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रभारी से शिकायत, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा
आक्रोशित ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत अस्पताल प्रभारी डॉ. जेपी गुप्ता से की और गैरजिम्मेदार चिकित्सक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। इस पर अस्पताल प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी जरूरी कदम होंगे, उठाए जाएंगे। उन्होंने वादा किया कि कटवा माफी एडिशनल पीएचसी पर डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित कर बेहतर इलाज की सुविधा दी जाएगी।
प्रशासन के दावों पर टिकी ग्रामीणों की निगाहें
अब देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारियों का आश्वासन सिर्फ कागजों तक सीमित रहता है या धरातल पर भी उतरता है। क्षेत्रीय जनता इस उम्मीद में टकटकी लगाए बैठी है कि उन्हें कब तक गांव के इस अस्पताल में नियमित और बेहतर इलाज मिल पाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







