चकिया इलाके के केंद्रीय विद्यालय में कराएं एडमिशन: बालवाटिका और कक्षा 1-5 में दाखिले के लिए 21 अप्रैल से आवेदन शुरू
केंद्रीय विद्यालय, ग्रुप सेंटर, सीआरपीएफ चंदौली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू हो रही है। अभिभावक बालवाटिका और कक्षा 1 से 5 तक के लिए 5 मई तक ऑफलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
बालवाटिका और कक्षा 1 से 5 तक प्रवेश
पंजीकरण प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू
आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई 2026
ऑफलाइन फॉर्म जमा करना होगा अनिवार्य
आयु सीमा का निर्धारण 31 मार्च के अनुसार
चंदौली जिले के चकिया इलाके में स्थित केंद्रीय विद्यालय, ग्रुप सेंटर, सीआरपीएफ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नए प्रवेश के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। जो अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन केंद्रीय विद्यालय में कराने के इच्छुक हैं, उनके लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यालय प्रबंधन ने बालवाटिका (I, II, III) और कक्षा 1 से 5 तक के लिए पंजीकरण की घोषणा कर दी है।

आवेदन की प्रक्रिया और समय सीमा
प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) से शुरू हो रही है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 मई 2026 (मंगलवार) निर्धारित की गई है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, पंजीकरण कार्य सभी कार्यदिवसों में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होगा। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे विद्यालय कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय सीमा के भीतर जमा करें। इसके अतिरिक्त, इच्छुक अभिभावक वेबसाइट https://gtcvaranasi.kvs.ac.in से भी फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
आयु सीमा का रखना होगा ध्यान
प्रवेश के लिए बच्चों की आयु की गणना 31 मार्च 2026 को आधार मानकर की जाएगी। बालवाटिका-I के लिए न्यूनतम आयु 3 वर्ष और अधिकतम 4 वर्ष से कम होनी चाहिए। इसी तरह, कक्षा-I में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष और अधिकतम 8 वर्ष से कम होनी चाहिए। कक्षा-V तक के लिए आयु का वर्गीकरण विद्यालय द्वारा निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार ही नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।
अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि सीटों का आरक्षण केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के दिशानिर्देशों के अनुसार होगा। प्रवेश के इच्छुक अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरतें, क्योंकि गलत या भ्रामक जानकारी पाए जाने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही, केवल पंजीकरण करा लेना ही प्रवेश की गारंटी नहीं है। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः नियमानुसार होगी और चुने गए उम्मीदवारों को ही विद्यालय द्वारा संपर्क किया जाएगा। अभिभावकों से अनुरोध है कि वे समय रहते अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








