पहले किड़हिरा गांव पहुंचे पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट, घटनास्थल से पोस्टमार्टम हाउस तक खड़े रहे साथ
किड़हिरा गांव में कुएं में जहरीली गैस से तीन लोगों की मौत के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार ने परिजनों को ढांढस बंधाया। तीनों शवों को आज दोपहर 3 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
किड़हिरा कुएं में दर्दनाक हादसा
जहरीली गैस से 3 की मौत
पूर्व विधायक ने बंधाया ढांढस
आज होंगे सुपुर्द-ए-खाक
चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत किड़हिरा गांव में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम और कोहराम का माहौल है। बंद पड़े कुएं में समरसेबल निकालने उतरे ग्रामीणों में से तीन लोगों की जहरीली गैस की चपेट में आने से जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात पुलिस प्रशासन ने पोस्टमार्टम की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए।

आज दोपहर 3 बजे होंगे सुपुर्द-ए-खाक
हादसे में जान गंवाने वाले तौकीर आलम, आखिर जमा और वारिस अली के शवों के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में चारों तरफ सन्नाटा और गमगीन माहौल छाया हुआ है। परिजनों के अनुसार, आज दोपहर 3 बजे तीनों मृतकों को नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। वहीं, हादसे में घायल समशेर मेराज का इलाज जारी है। मामले में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक, परिजनों से मिले
हादसे की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट बिना देर किए किड़हिरा गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर जाकर कुएं की स्थिति का मुआयना किया और पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनके दुख-दर्द को साझा किया। शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर पूर्व विधायक ने उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का वादा किया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर अधिकारियों से की वार्ता
जितेंद्र कुमार एडवोकेट की संवेदनशीलता सिर्फ घटनास्थल तक सीमित नहीं रही। गांव में परिवारों से मिलने के बाद वह सीधे चंदौली पोस्टमार्टम हाउस (पीएम हाउस) पहुंचे। वहां उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से वार्ता की और पोस्टमार्टम प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराकर शव परिजनों को सौंपने की व्यवस्था कराई, ताकि दुखी परिवारों को किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्षेत्रीय लोगों ने की तत्परता की सराहना
मुसीबत की घड़ी में जनप्रतिनिधि की इस तत्परता और संवेदनशीलता की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांव पर दुखों का पहाड़ टूटा, तब पूर्व विधायक ने राजनीति से ऊपर उठकर एक सच्चे हमदर्द की भूमिका निभाई। किड़हिरा गांव में घटनास्थल से लेकर पीएम हाउस तक उनकी मौजूदगी ने शोकाकुल परिवारों को इस गहरे दुख से उबरने का संबल दिया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







