भिटियां में किसान विकास मंच का होली मिलन, अबीर-गुलाल के साथ गूंजे खेती के सवाल
शहाबगंज ब्लॉक के भिटियां में किसान विकास मंच ने उत्साहपूर्वक होली मिलन समारोह मनाया। गेहूं की सिंचाई और लगन की व्यस्तता के बीच जुटे किसानों ने पारंपरिक गीतों के साथ खेती की बढ़ती लागत और गिरते मुनाफे पर गंभीर मंथन किया।
भिटियां शिव मंदिर में होली मिलन समारोह
खेती की बढ़ती लागत पर गंभीर मंथन
किसानों ने दिया आपसी भाईचारे का संदेश
किसानों को एकजुट होने का किया आह्वान
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत भिटियां स्थित शिव मंदिर परिसर में किसान विकास मंच की ओर से होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया।
गेहूं की सिंचाई और लगन-बरात के व्यस्त मौसम के बावजूद दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किसानों का आना-जाना लगा रहा। इस दौरान किसान आपस में गले मिलते रहे और होली के पारंपरिक गीतों के बीच उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श भी किया।

किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि आज किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को संगठित होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद करनी होगी।
वक्ता अशोक सिंह ने कहा कि धान की खरीद का पैसा अभी भी कई किसानों को नहीं मिल पाया है। पोर्टल बंद होने के कारण किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करना जरूरी है।
श्याम बिहारी सिंह ने कहा कि यदि किसान समय रहते सचेत नहीं हुए तो आने वाले समय में खेती और किसानों के सामने और बड़ी चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। उन्होंने किसानों से संगठित रहने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने भी किसानों की समस्याओं पर अपने विचार रखे और कहा कि खेती-किसानी को बचाने के लिए किसानों को एकजुट होना होगा। उन्होंने अपने अंदाज में होली गीत “भींगी सारी गुलाबी चुनरिया रे, मोहें मारे नजरिया सांवरिया रे” तथा “होली के दिन दिल खिल जाते हैं” गाकर माहौल को पूरी तरह होलीमय बना दिया, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे।
कार्यक्रम के अंत में किसानों ने विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी भी की और किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन का स्थापना दिवस आगामी 28 मार्च को बरियारपुर में मनाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर इंद्रदेव यादव, बिजयमल मौर्य, सुरेश मौर्य, अशोक कुमार द्विवेदी, अयूब खान, दुर्गेश पांडेय, राम भरत सिंह, रमेश पांडेय, राधेश्याम सिंह, सुदामा यादव, अनिल पांडेय, राजेश्वर सिंह, अनिल सिंह, राम अशोक पांडेय, रामानुज पांडेय, राकेश सिंह, अविनाश सिंह, चंद्रेश पांडेय, जय किशोर सिंह, दीनबंधु सिंह, दीनदयाल सिंह, अवधेश सिंह, अम्बुज सिंह, सिप्पू सिंह, मनमोहन सिंह, शिवाजी सिंह, सत्य नारायण दूबे सहित कई किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अयूब खान ने की, जबकि संचालन राम अवध सिंह ने किया। समारोह में किसानों ने आपसी एकता और भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाते हुए किसान हितों के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







