टैम्पो पलटने से कोटेदार की मौत, गांव में मातम पसरा
दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के कोटेदार की मौत
अस्पताल ले जाते ही मृत घोषित
पूरे गांव दिखा में गमगीन माहौल
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के पालपुर (गयापुर) गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में गांव के कोटेदार मनोज राम (40) की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, मनोज राम अपने रोजमर्रा के काम से गांधीनगर गए हुए थे। काम निपटाकर वे देर रात एक टैम्पो से घर लौट रहे थे। गांव के पास ही उनका टैम्पो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में मनोज राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते ही मृत घोषित
टैम्पो पलटने की खबर मिलते ही आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मनोज को टैम्पो के नीचे से निकाला और आनन-फानन में उन्हें संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले गए। अस्पताल पहुंचते ही, चिकित्सकों ने जांच के बाद मनोज को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के गांव में फैलते ही, हर तरफ मातम छा गया।
मनोज राम गांव के कोटेदार थे और अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा के साथ निभाने के लिए जाने जाते थे। वे एक मिलनसार और जिम्मेदार व्यक्ति थे, जिनकी असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी शीला देवी और बच्चे गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मनोज का सरल और सहयोगी स्वभाव उन्हें सभी के बीच लोकप्रिय बनाता था। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। इस दुखद घटना के बाद, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








